द्वारका मेट्रो स्टेशन का नाम अब हुआ द्वारका ककरोला, स्थानीय पहचान को मिला सम्मान

दिल्ली मेट्रो के द्वारका स्टेशन का नाम अब द्वारका ककरोला मेट्रो स्टेशन हो गया है। इस बदलाव का स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया है, जो क्षेत्र की पहचान को बढ़ावा देगा।

पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली मेट्रो के बुनियादी ढांचे और स्थानीय पहचान को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा फैसला लेते हुए द्वारका मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर अब द्वारका ककरोला मेट्रो स्टेशन कर दिया गया है। नाम में इस बदलाव का स्थानीय निवासियों और सामाजिक संस्थाओं ने स्वागत किया है।
नाम बदलाव को लेकर मटियाला विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। विधायक संदीप सहरावत के नेतृत्व में लोगों ने मुख्यमंत्री से उनके आवास पर जाकर भेंट की। मुख्यमंत्री का अभिनंदन पगड़ी पहनाकर किया गया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि द्वारका मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर द्वारका ककरोला किए जाने की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर जो खुशी लोगों को मिल रही है, वह काफी अच्छी बात है।
सरकार का यह निर्णय स्थानीय पहचान, विरासत और जनभावनाओं को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मटियाला के विधायक संदीप सहरावत ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की भावनाओं का मुख्यमंत्री ने मान रखा है, जो यह दर्शाता है कि सरकार को लोगों की भावनाओं की फिक्र है। इस अवसर पर निगम पार्षद रामनिवास गहलोत, अनुराधा अशोक शर्मा, सविता शर्मा सहित अनेक व्यक्ति उपस्थित रहे।
उपनगरी के आरडब्ल्यूए की फेडरेशन द्वारका लोक कल्याण मंच ने इस फैसले की सराहना करते हुए इसे स्थानीय संस्कृति और पहचान को सम्मान देने वाला कदम बताया है। मंच के अध्यक्ष डीपी वाजपेयी ने इस परिवर्तन के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और क्षेत्रीय सांसद कमलजीत सहरावत का विशेष रूप से धन्यवाद किया है।
डीपी वाजपेयी ने कहा कि ककरोला इस पूरे क्षेत्र का एक ऐतिहासिक और प्रमुख हिस्सा रहा है। मेट्रो स्टेशन के नाम के साथ ककरोला जुड़ने से इस ऐतिहासिक नाम को एक नई पहचान मिली है। स्थानीय निवासियों का मानना है कि इस प्रकार के फैसलों से आधुनिक विकास के बीच दिल्ली के ग्रामीण और ऐतिहासिक क्षेत्रों का अस्तित्व भी सुरक्षित रहता है। मंच ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में क्षेत्र की अन्य समस्याओं और विकास कार्यों पर भी सरकार इसी तरह सकारात्मक रुख अपनाएगी।

Related Articles

Back to top button