डीपफेक और दुष्प्रचार नए खतरे, स्मार्ट पुलिसिंग से रोकें अफवाहों का प्रसार : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आईपीएस परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों में डर फैलाने वाली भ्रामक सूचना और डीपफेक गंभीर मुद्दे बन रहे हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

नई दिल्ली,एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि लोगों में डर फैलाने के उद्देश्य से भ्रामक सूचनाओं और सुनियोजित दुष्प्रचार का प्रसार गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। डीपफेक जैसी तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल ने खतरे को और जटिल बना दिया है। ऐसे हालात में स्मार्ट पुलिसिंग और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सकता है।

राष्ट्रपति मुर्मु मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में उनसे मुलाकात करने पहुंचे भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 2025 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने वाले अपराधियों से हमेशा आगे रहना होगा। आसानी से प्रभावित होने वाले लोगों, विशेषकर युवाओं को सुनियोजित दुष्प्रचार के जरिए गुमराह किया जा सकता है। ऐसी गतिविधियां स्थानीय और क्षेत्रीय स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक असर डाल सकती हैं।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट पुलिसिंग के माध्यम से ऐसी परिस्थितियों को गंभीर और व्यापक रूप लेने से रोका जा सकता है। राष्ट्रपति ने साइबर अपराधों के तेजी से बढ़ने और उनके अधिक गंभीर होते स्वरूप पर भी चिंता जताई।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि आम नागरिकों के लिए पुलिस अधिकारी और कांस्टेबल शासन व्यवस्था के प्रमुख प्रतिनिधि होते हैं। इसलिए पुलिसकर्मियों का व्यवहार और कार्यशैली लोगों के विश्वास को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आईपीएस अधिकारियों से सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लोगों का भय दूर करने तथा उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की वरिष्ठ अधिकारियों तक अक्सर सीधी पहुंच नहीं होती, इसलिए पुलिस को उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहना चाहिए।

Related Articles

Back to top button