भगवंत मान पर सिख मर्यादा की बेअदबी का आरोप, इस्तीफे की मांग तेज

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा एवं यमुनापार विकास बोर्ड के चेयरमैन सरदार अरविंदर सिंह लवली ने बुधवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान पर सिख मर्यादाओं की बेअदबी का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने पहले सिख मर्यादाओं का अपमान किया और बाद में देश व सिख संगत को गुमराह करने के लिए कथित रूप से पैसे देकर फर्जी रिपोर्ट तैयार करवाई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन दिल्ली भाजपा के मंत्री सरदार इमप्रीत सिंह बख्शी ने मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर की उपस्थिति में किया। बख्शी ने कहा कि जिस प्रकार दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को जनता ने नकारा, उसी तरह आगामी पंजाब चुनाव में भी भगवंत मान को सिख मर्यादाओं की बेअदबी के कारण भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि कुछ माह पूर्व एक वीडियो सामने आया था, जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री सिख मर्यादाओं का उल्लंघन करते नजर आए। उन्होंने दावा किया कि सिखों की सर्वोच्च संस्था श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा सरकारी लैब से कराई गई जांच में मुख्यमंत्री को दोषी पाया गया।
मल्होत्रा के अनुसार, हाल ही में अकाल तख्त साहिब के सिंह साहिबानों ने यह फरमान भी जारी किया कि कोई सिख भगवंत मान से किसी प्रकार का संबंध न रखे। इसके बावजूद पंजाब सरकार ने आरोपों को नकारते हुए वीडियो को फर्जी बताया और निजी लैब की रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री को निर्दोष बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि हाल में सामने आए कुछ वीडियो के बाद हरियाणा पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है और संबंधित लैब के मालिक ने यह खुलासा किया है कि पंजाब पुलिस के दो अधिकारियों ने दबाव डालकर तथा 10 लाख रुपये का लालच देकर रिपोर्ट तैयार करवाई।
मल्होत्रा ने सवाल उठाया कि जब अकाल तख्त साहिब ने सरकारी लैब से जांच करवाई थी, तो पंजाब सरकार को निजी लैब की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने कहा कि अब स्थिति स्पष्ट है और पंजाबी समाज मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहा है।
वहीं, सरदार अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि यह मामला केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है और सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि अकाल तख्त साहिब के समक्ष बड़े-बड़े पदाधिकारी भी पेश होते रहे हैं, लेकिन उसे चुनौती देने का प्रयास गंभीर विषय है।
लवली ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए और उनके समर्थन में खड़े लोगों को सिख समाज से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह उनकी सोच को दर्शाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा अपने पद का दुरुपयोग कर पुलिस अधिकारियों के माध्यम से मामले को दबाने का प्रयास किया गया, जो अत्यंत निंदनीय है।

Related Articles

Back to top button