सोनिया विहार में यमुना किनारे 5 वाटर स्पोर्ट्स क्लबों को डीडीए का नोटिस, तीन दिन में खाली करने के आदेश
डीडीए ने सोनिया विहार में यमुना किनारे स्थित पांच वाटर स्पोर्ट्स क्लबों को सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के आरोप में खाली करने का नोटिस दिया है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली। डीडीए ने सोनिया विहार में यमुना किनारे चल रहे पांच वाटर स्पोर्ट्स क्लबों को जमीन खाली करने का नोटिस दिया है। डीडीए का आरोप है कि यह क्लब सरकारी जमीन पर कब्जा करके बनाएं गए हैं। इन क्लब में सेना, बीएसएफ के क्लब भी शामिल हैं। इन क्लबों में रोइंग, कयाकिंग और कैनोइंग जैसी खेल गतिविधियां होती हैं, यहां खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाता है।
नोटिस रविवार को लगाए गए हैं। इन नोटिस में कहा गया है कि संचालक खुद ही जमीन को खाली कर दें। नोटिस के तीन दिन के बाद डीडीए खुद बलपूर्वक कार्रवाई करेगा। डीडीए द्वारा दिए गए अचानक नोटिस से खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित हो गया है। सोनिया विहार में यमुना बाकी जगह के मुकाबले बेहतर है, यहां रोइंग, कयाकिंग और कैनोइंग जैसी गतिविधियां हो सकती हैं।
एशियन रोइंग फेडरेशन के कमेटी मेंबर राजपाल सिंह ने कहा कि यमुना किनारे कोई व्यक्ति जमीन नहीं खरीद सकता है। सोनिया विहार में 15 वर्षों से वाटर स्पोर्ट्स क्लब चल रहे हैं। खिलाड़ियों को निश्शुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। यमुना व इसके किनारे कोई कब्जा नहीं है। बोट के जरिये खिलाड़ी प्रशिक्षण लेते हैं। हर साल यहां सरकारी कार्यक्रम होते हैं, जिसमें मंत्री से लेकर सीएम तक शामिल होते हैं।




