दिल्ली के पहले महिला थाने में दर्ज हुई नाबालिग से रेप की पहली एफआईआर
दिल्ली के महिला थाने में पहली एफआईआर 14 साल की नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में दर्ज की गई। पीड़िता के परिवार की शिकायत पर पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

नई दिल्ली। वजीराबाद थाने में एक पिता अपनी नाबालिग बेटी के साथ रेप की शिकायत लेकर पहुंचे। मामला डीसीपी राजा बांठिया के संज्ञान में आते ही उन्होंने इसे दिल्ली के पहले महिला थाने में दर्ज करने और तुरंत जांच के निर्देश दिए।
सब्जी मंडी स्थित महिला थाने में दर्ज हुई पहली एफआईआर 14 साल की नाबालिग से रेप की है। पीड़ित परिवार ने पड़ोसी पर दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। लड़की का मेडिकल कराकर पॉक्सो और दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश में दिल्ली व हिमाचल प्रदेश में छापेमारी की जा रही है।
डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि आरोपी ने पीड़िता को धमकाकर मोबाइल फोन दिया और अश्लील तस्वीरें भेजने के लिए मजबूर किया। बाद में इन्हीं तस्वीरों से ब्लैकमेल कर 9 मई 2026 को जबरन रेप किया। पीड़िता जब हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा अपने गांव गई तो आरोपी वहां भी पहुंचकर धमकाने लगा।
महिला थाने में शिकायत दर्ज होते ही एफआईआर की प्रक्रिया बिना किसी देरी के पूरी की गई। पीड़िता की काउंसलिंग कराई गई है और पुलिस टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हैं। यह मामला राजधानी में महिला सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में महिला थाने की भूमिका को मजबूत करता है।




