धूल भरी आंधी के बाद बारिश से मिली राहत, दिल्ली-एनसीआर में मौसम हुआ सुहाना
नोएडा और गुरुग्राम में तेज हवाओं से धूल उड़ रही है। वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी हुई है, जिससे बिना एसी के राहत मिलना मुश्किल हो रहा है।

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को करीब एक घंटे तक चली तेज धूल भरी आंधी के बाद राहत भरी बारिश शुरू हो गई, जिससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। आंधी के कारण सड़कों पर फैला धूल का गुबार बारिश की फुहारों से साफ हो गया और मौसम सुहाना हो गया।
बारिश शुरू होते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। कई स्थानों पर युवा और बच्चे सड़कों पर बारिश का आनंद लेते नजर आए, जबकि कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाकर इस पल को कैद करते दिखे।
मौसम विभाग के अनुसार हल्की से मध्यम बारिश अगले कुछ घंटों तक जारी रह सकती है, जिससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले अचानक आई तेज आंधी ने नोएडा से लेकर गुरुग्राम तक जनजीवन प्रभावित कर दिया था। सड़कों पर घना धूल का गुबार छा गया, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई और आसमान धुंधला नजर आने लगा। तेज हवाओं के कारण खुले में रखे सामान उड़ने लगे, जिससे दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दुकानदारों को जल्दबाजी में अपना सामान समेटकर दुकानें बंद करनी पड़ीं।
आंधी के दौरान राहगीर भी धूल से बचने के लिए मुंह ढककर इधर-उधर भागते नजर आए। वहीं दिनभर बादलों की आवाजाही और तेज धूप के बीच उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया।
वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) भी मध्यम श्रेणी में बना हुआ है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे दिल्ली का एक्यूआई 145 दर्ज किया गया। एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल इसमें अधिक बदलाव की संभावना नहीं है।




