दिल्ली में पोस्टर वॉर से पट गए चौराहे, इंडी गठबंधन की बैठक से पहले सहयोगी दलों के बयानों से राहुल गांधी पर निशाना

इंडी गठबंधन की बैठक से पहले दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में गठबंधन के नेताओं द्वारा राहुल गांधी पर दिए गए पुराने बयानों को उजागर किया गया है।

नई दिल्ली/एजेंसी। इंडी (भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन) गठबंधन की सोमवार को होने वाली बैठक से पहले सोमवार को दिल्ली के प्रमुख चौराहों पर पोस्टरवार शुरू हो गया। एनडीएमसी (नई दिल्ली नगरपालिका परिषद) क्षेत्र में जगह-जगह पोस्टर और होर्डिंग लगाकर राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ गठबंधन के नेताओं के विरोध में दिए गए बयान लिखे गए हैं। प्रत्येक होर्डिंग में राहुल गांधी की तस्वीर के साथ उनके विरुद्ध बयान देने वाले अन्य पार्टी के नेता की तस्वीर भी है।
उदयनिधि स्टालिन के नाम से लगे होर्डिंग में कांग्रेस पर डीएमके की पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया गया है। इस पोस्टर में कहा गया है कि 20 साल से अधिक कांग्रेस हमारी पीठ पर बैठकर आगे बढ़ती रही और आज उन्होंने हमारी ही पीठ में छुरा घोंप दिया।
इसी तरह एनसीपी प्रमुख शरद पवार के उस बयान का भी पोस्टर है जिसमें उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी में कंसिस्टेंसी की कमी है। बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बयान ‘अगर कांग्रेस गठबंधन नहीं चला सकती तो मैं उसे चलाने को तैयार हूं’ का भी होर्डिंग लगाया गया है। इसी तरह केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित कुछ अन्य नेताओं के राहुल गांधी व कांग्रेस के विरुद्ध दिए गए बयान होर्डिंग पर लगाए गए हैं। केजरीवाल के पोस्टर में लिखा है, ‘लोग कहते हैं कि हम कांग्रेस को कमजोर कर रहे हैं। भला मैं कांग्रेस को क्या कमजोर करूंगा? राहुल गांधी खुद ही अकेले इस काम को बहुत अच्छे से कर रहे हैं।’

Related Articles

Back to top button