पूर्वी दिल्ली में शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद

मंडावली थाना पुलिस ने दक्षिण गणेश नगर निवासी दीपक नामक एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक बाइक और एक स्कूटी बरामद की है, जिससे दो वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

पूर्वी दिल्ली। मंडावली थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। आरोपित की पहचान दक्षिण गणेश नगर, मंडावली निवासी दीपक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपित पहले भी चोरी के तीन मामलों में संलिप्त रह चुका है। उसकी गिरफ्तारी से वाहन चोरी के दो मामलों का पर्दाफाश हुआ है।
पुलिस ने बताया कि पूर्वी जिले में वाहन चोरी, स्नैचिंग और सड़क अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एसीपी मयूर विहार और मंडावली थाना प्रभारी के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम लगातार क्षेत्र में गश्त, निगरानी और संदिग्धों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान 27 मई को पुलिस को सूचना मिली कि एक सक्रिय वाहन चोर मंडावली इलाके में घूम रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और तकनीकी निगरानी व सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के जरिए आरोपित की पहचान कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने वाहन चोरी की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी की एक यामाहा मोटरसाइकिल और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई।
जांच में पता चला कि बरामद मोटरसाइकिल मंडावली थाना क्षेत्र से जबकि स्कूटी दरियागंज थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और चोरी के वाहन खरीदने वालों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button