दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद राशिद हत्याकांड के वांटेड हारून को किया गिरफ्तार

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के चर्चित राशिद हत्याकांड में वांछित हारून सैफी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया।

पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के चर्चित राशिद हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में वांछित हारून सैफी को स्पेशल स्टाफ की टीम ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई के बाद उसे दबोच लिया गया। उसके कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, दो कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी बरामद हुई है।
जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि मंगलवार सुबह स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि राशिद हत्याकांड का वांछित आरोपित हारून सैफी सिग्नेचर ब्रिज और खजूरी खास मेट्रो स्टेशन के बीच आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर गोली चला दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी। मुठभेड़ के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। 15 जून को हारून ने दो नाबालिग बदमाशों के साथ मिलकर पानी का प्लांट चलाने वाले राशिद की हत्या की थी।

Related Articles

Back to top button