गढ़वाल हितैषिणी सभा ने उत्तराखंड के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल( से.नि.) भुवन चंद्र खंडूड़ी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया

राजू बोहरा / वरिष्ठ संवाददाता नई दिल्ली

7 जून, रविवार को सांय 4:00 बजे से दिल्ली एनसीआर में उत्तराखंड प्रवासियों की सबसे बड़ी व वरिष्ठ सामाजिक संस्था गढ़वाल हितैषिणी सभा ने दिल्ली के गढ़वाल भवन में अभी हाल ही में दिवंगत हुए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री मेजर जनरल (से.नि.) भुवन चंद्र खंडूड़ी जी की पावन पुण्य स्मृति में सभा अध्यक्ष सूरत सिंह रावत की अध्यक्षता व सभा महासचिव पवन कुमार मैठानी के संचालन में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ।

श्रद्धांजलि सभा में भारी संख्या में जनता ने गढ़वाल भवन पहुंचकर अपने प्रिय नेता को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को लेकर अपने संस्मरण सुनाए। वरिष्ठ पत्रकार उमाकांत लखेड़ा ने कहा कि खंडूड़ी जी एक युगद्रष्टा व स्पष्ट वक्ता थे। डॉ. कुसुम नौटियाल ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी जैसे नेता विरले ही होते हैं, जिनकी कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं था।

निगम पार्षद वीर सिंह पवांर ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहते हुए खंडूड़ी जी ने पूरी ईमानदारी से प्रदेश की भलाई के लिए कार्य किया। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री रहते हुए स्वर्णिम सड़क चतुर्भुज योजना खंडूड़ी जी की ही देन है। वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विनोद बछेती ने कहा कि मेजर जनरल खंडूड़ी जी की ईमानदारी की मिसाल जनता आज भी देती है। खंडूड़ी जी अद्भुत व्यक्तित्व के स्वामी थे।

श्रद्धांजलि सभा में निगम पार्षद वीर सिंह पवांर, प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष उमाकांत लखेड़ा, उत्तराखंड राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण की पूर्व सदस्या डॉ. कुसुम नौटियाल, देहरादून से पहुंचे जीवन चंद्र नैथानी, भाजपा नेता डॉ. विनोद बछेती, पूर्व निगम पार्षद हरीश अवस्थी, सभा के पूर्व महासचिव महावीर सिंह राणा, वरिष्ठ पत्रकार व्योमेश जुगराण, भाजपा नेता अर्जुन सिंह राणा,

वरिष्ठ साहित्यकार दिनेश ध्यानी, विजय सिंह नेगी, डॉ. पृथ्वी सिंह केदारखंडी, चंदन सिंह गुसांई, दिनेश बौखंडी, गढ़वाली फिल्मों की कलाकार गीता गुसांई , राजू नेगी, राकेश नेगी, राकेश बुडाकोटी, हाई हिलर्स गुप्रस के पदाधिकारी, सभा कार्यकारिणी सदस्य, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि आदि प्रबुद्धजन भारी संख्या में उपस्थित रहे।

गुंजन कला केंद्र की टीम सर्वेश्वर बिष्ट ने अपने मधुर भजनों द्वारा खंडूड़ी जी को संगीतमय श्रद्धांजलि दी। सभा का समापन सभा उपाध्यक्ष अधिवक्ता शैलेन्द्र सिंह नेगी के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ

[email protected]

Related Articles

Back to top button