दिल्ली कांग्रेस ने बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया, यमुना सफाई को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में रोहिणी, किराड़ी और नई दिल्ली जिलों में बीएलए-2 एसआईआर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई और इसमें बूथ मैनेजमेंट टीम द्वारा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस के बीएलए-2 कार्यकर्ता भाजपा की कथित वोट चोरी पर नकेल कसेंगे और वैध मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा को फायदा पहुंचाने का काम कर रहा है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता हर बूथ पर सतर्क रहकर मतदाताओं के नाम कटने से रोकेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस के प्रभारी काजी निजामुद्दीन ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनाव जीत की कुंजी है और बीएलए-2 कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं, जो चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे। इस दौरान देवेन्द्र यादव ने यमुना सफाई को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार वास्तविक सफाई के बजाय केवल दिखावटी कार्यक्रम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यमुना में गिरने वाले गंदे नालों और प्रदूषण को रोकने में सरकार विफल रही है। कांग्रेस ने मांग की कि यमुना सफाई पर हुए खर्च और परियोजनाओं की प्रगति पर श्वेत पत्र जारी किया जाए। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button