नोएडा जीएसटी ऑफिस में एडिशनल कमिश्नर की बदसलूकी से चलती मीटिंग में डीसी को आया हार्ट अटैक
एडिशनल कमिश्नर जीएसटी नोएडा जोन संदीप भागिया की बैठक में डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह को हार्ट अटैक आ गया। अधीनस्थ अधिकारियों के साथ अभद्रता और प्रताड़ना के आरोपों के बीच यह घटना हुई, हालांकि भागिया ने आरोपों से इनकार किया है।

ग्रेटर नोएडा। जीएसटी विभाग में एक बार फिर आंतरिक विवाद सामने आया है। गौतमबुद्ध नगर में तैनात एडिशनल कमिश्नर पर अपने अधीनस्थ डिप्टी कमिश्नर के साथ अभद्र व्यवहार और बैठक के दौरान प्रताड़ित करने के आरोप लगे हैं। मामले ने तब गंभीर रूप ले लिया जब बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह मूर्छित होकर गिर पड़े।
सूत्रों के अनुसार उन्हें तत्काल उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर आईसीयू में उपचार जारी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बैठक के दौरान हुई कथित अभद्रता के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी।
हालांकि एडिशनल कमिश्नर संदीप भागिया ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि किसी प्रकार की अभद्रता नहीं की गई और वेद प्रकाश सिंह का स्वास्थ्य पहले से ही खराब था, जो बैठक के दौरान अधिक बिगड़ गया।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को नोएडा जोन कार्यालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक चल रही थी। आरोप है कि इस दौरान वेद प्रकाश सिंह के साथ कठोर व्यवहार किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्होंने स्थिति स्पष्ट करने और समय देने की बात कही, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई और उन्हें कथित रूप से डांट-फटकार का सामना करना पड़ा।
यह भी आरोप है कि बैठक के दौरान प्रमोशन रोकने तक की चेतावनी दी गई, जिससे उनका मानसिक दबाव बढ़ गया और उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। वेद प्रकाश सिंह खंड-12 में तैनात हैं और हाल ही में पुलिस भर्ती एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त थे।
विभागीय सूत्रों का यह भी कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इसी प्रकार के व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आ चुकी हैं। एक सप्ताह पूर्व एक अन्य अधिकारी आलोक कुमार की तबीयत भी बैठक के बाद बिगड़ने की बात कही जा रही है, जबकि एक अन्य अधिकारी मधुलिका सिंह भी प्रताड़ना से परेशान बताई गई थीं।
गौरतलब है कि एडिशनल कमिश्नर पर पूर्व में भी अभद्रता और अन्य अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं, जिनकी उच्च स्तरीय जांच कराई गई थी। उस समय जांच का जिम्मा मंडलायुक्त अलीगढ़ को सौंपा गया था। हालांकि बाद में बड़े पैमाने पर तबादले कर मामले को शांत कर दिया गया था। फिलहाल डिप्टी कमिश्नर वेद प्रकाश सिंह के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे वाराणसी से ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना हो चुके हैं। मामले को लेकर विभाग में चर्चा का माहौल बना हुआ है।




