नंद नगरी में लूट का विरोध करने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर प्लंबर की हत्या

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी में लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने एक प्लंबर अनीस की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वह अपने ससुराल से चंडीगढ़ जाने के लिए निकले थे, तभी 600 मीटर दूर बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिले में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार तड़के लूटपाट का विरोध करने पर दो बदमाशों ने चाकू से वार कर एक प्लंबर की हत्या कर दी। वारदात मृतक के ससुराल से महज करीब 600 मीटर की दूरी पर हुई। मृतक की पहचान अनीस के रूप में हुई है। नंद नगरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार अनीस भोगल स्थित एक कंपनी में प्लंबर के रूप में कार्यरत थे और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के कुदरकोट के निवासी थे। परिवार में पत्नी आशी और तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे छोटा बेटा मात्र छह माह का है। अनीस काम के सिलसिले में देशभर में आते-जाते रहते थे। उनकी ससुराल सुंदर नगरी में है। मृतक के साले सुहैल ने बताया कि अनीस बुधवार सुबह ससुराल आए थे और दिन में अपने कार्यस्थल चले गए थे। रात को लौटने के बाद उन्हें बृहस्पतिवार तड़के चंडीगढ़ के लिए निकलना था। वह सुबह करीब चार बजे घर से निकले और कश्मीरी गेट जाने के लिए गगन सिनेमा के पास ऑटो लेने पैदल जा रहे थे।
घर से करीब 600 मीटर दूर पहुंचते ही दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने अनीस पर चाकू से छह से सात वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद बदमाश उनका मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि नंद नगरी क्षेत्र में चोरी, लूट और झपटमारी की घटनाएं आम हो चुकी हैं। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग रात या तड़के अकेले निकलने से डर रहे हैं।
इससे पहले भी राजधानी में लूट का विरोध करने पर हत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अक्टूबर 2025 में दिलशाद गार्डन के डियर पार्क में इसी तरह की वारदात हुई थी, जबकि नवंबर 2025 में विजय विहार इलाके में 52 वर्षीय ऑटो चालक राकेश कुमार की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button