मोहन गार्डन में में बिजली और इंटरनेट के तारों का मकड़जाल, हादसे की आशंका से दहशत में लोग
मोहन गार्डन के रमा पार्क कॉलोनी में बिजली और इंटरनेट के लटकते तारों का जाल निवासियों के लिए गंभीर खतरा बन गया है, जिससे शॉर्ट सर्किट और आग लगने का डर है। स्थानीय लोग प्रशासन से तारों को भूमिगत करने और अवैध नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, क्योंकि शिकायत के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

पश्चिमी दिल्ली। उत्तम नगर विधानसभा क्षेत्र के मोहन गार्डन स्थित रमा पार्क कॉलोनी में बिजली और इंटरनेट के तारों का फैला मकड़जाल स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। गलियों और सड़कों पर कम ऊंचाई पर लटकते तारों के कारण आए दिन शॉर्ट सर्किट की घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में मालवीय नगर और पालम के साध नगर इलाके में आग लगने की घटनाओं के बाद यहां के लोग संभावित हादसे को लेकर चिंतित हैं।
निवासियों का कहना है कि कॉलोनी की अधिकांश सड़कें करीब 15 फीट चौड़ी हैं और उनके ऊपर बिजली व इंटरनेट के तारों का घना जाल फैला हुआ है। ऐसी स्थिति में यदि किसी बहुमंजिला इमारत में आग लगती है तो अग्निशमन विभाग की स्काई लिफ्ट या लैडर युक्त गाड़ियां घटनास्थल तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पाएंगी। इससे राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो सकते हैं और जनहानि का खतरा बढ़ सकता है।
लोगों का कहना है कि यह समस्या केवल रमा पार्क तक सीमित नहीं है, बल्कि मोहन गार्डन की लगभग तीन दर्जन कॉलोनियों में इसी प्रकार तारों का जाल फैला हुआ है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार विभागों और प्रशासन को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पूर्व में दिल्ली सरकार द्वारा बिजली के तारों को भूमिगत करने की योजना बनाई गई थी और हाल के वर्षों में भी घोषणाएं हुईं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है। निवासियों ने मांग की है कि बिजली और इंटरनेट के तारों को व्यवस्थित कर भूमिगत किया जाए तथा अवैध रूप से नेटवर्क बिछाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों और अधिकारियों पर होगी।




