व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने बेटी को दिया जन्म, ईरान से मिली बधाई

व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट ने बेटी को जन्म दिया है। ईरान ने उन्हें बधाई दी, लेकिन साथ ही मिनाब स्कूल हमले में बच्चों की मौत को लेकर अमेरिका की आलोचना भी की।

वाशिंगटन/एजेंसी। ईरान ने व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट को उनकी बेटी के जन्म पर बधाई दी है, लेकिन साथ ही इस मौके का इस्तेमाल कर 28 फरवरी को मिनाब के एक स्कूल पर हुए हमले को लेकर अमेरिका की आलोचना भी की। इस हमले में 150 से ज्यादा लोग मारे गए थे, जिनमें से कई बच्चे थे।
दरअसल, लेविट ने गुरुवार को अपनी बेटी विवियाना के साथ X पर एक फोटो शेयर किया, यह उनका दूसरा बच्चा है; जिसका जन्म हाल ही में हुआ है। फोटो में लेविट अपनी नन्ही बेटी को अपनी गोद में लिए हुए नजर आ रही है। इसमें उन्होंने लिखा, “1 मई को, विवियाना, जिसे ‘विवी’ भी कहते हैं, हमारे परिवार में शामिल हुई, और हमारा दिल तुरंत प्यार से भर गया।”
मालूम हो कि, 28 साल की लेविट अमेरिका के इतिहास की सबसे कम उम्र की व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी हैं। उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा, “वह एकदम स्वस्थ है, और उसका बड़ा भाई खुशी-खुशी अपनी नई छोटी बहन के साथ जिंदगी में ढल रहा है। हम अपने इस खुशी भरे नए-नवेले माहौल के हर पल का आनंद ले रहे हैं।”
ईरान ने लेविट को उनकी बेटी के जन्म पर बधाई दी, लेकिन साथ ही मिनाब स्कूल हमले को लेकर उनकी आलोचना भी की, यह कहते हुए कि उस हमले में मारे गए बच्चे भी उन्हीं की तरह बच्चे थे। आर्मेनिया में ईरानी दूतावास ने X पर लिखा, “आपको बधाई। बच्चे मासूम और प्यारे होते हैं। वे 168 बच्चे, जिन्हें आपके बॉस ने मिनाब के स्कूल में मार डाला, और जिसे आपने सही ठहराया, वे भी तो बच्चे ही थे। जब आप अपनी बच्ची को चूमती हैं, तो उन बच्चों की मांओं के बारे में भी सोचिए।”
सरकारी प्रसारक आईआरआईबी और स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी को मिनाब में एक ईरानी प्राथमिक स्कूल पर हुए हमले में 73 लड़के और 47 लड़कियां मारी गईं। यह हमला उस दिन हुआ, जिस दिन अमेरिका और इजरायल ने पूरे ईरान में हमले किए थे। जवाबी कार्रवाई में, तेहरान ने इजरायल और खाड़ी देशों में ठिकानों पर हमले किए।
समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, आईआरआईबी ने एक टेलीग्राम पोस्ट में बताया कि 26 शिक्षक, 7 अभिभावक, एक स्कूल बस ड्राइवर और स्कूल के बगल में स्थित क्लिनिक का एक फर्मेसी टेक्नीशियन भी इस हमले में मारे गए। इससे पहले मार्च में, व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट ने कहा था कि, अमेरिका नागरिकों को निशाना नहीं बनाता।

Related Articles

Back to top button