देशभक्ति के रंग में रंगी ‘संकलन-5’ की शाम, डीएम एस.एस. परिहार सहित अनेक विशिष्ट हस्तियां हुईं शामिल

राजू बोहरा / वरिष्ठ संवाददाता
नई दिल्ली। ”इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर सभागार” में ”आर्ट क्रिएशन्स कल्चरल सोसाइटी” द्वारा देशभक्ति, संगीत और सामाजिक सहभागिता को समर्पित संगीतमय कार्यक्रम ‘संकलन-5 : एक शाम देश के नाम’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, न्यायिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों, चिकित्सकों, बॉलीवुड गायकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मनोरंजन जगत की हस्तियों ने भाग लिया। विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेंट्रल नॉर्थ दिल्ली के जिलाधिकारी एस.एस. परिहार उपस्थित रहे। सम्मानित अतिथियों में संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.एस. सागर सहित अनेक विशिष्ट हस्तियां शामिल हुईं। जीएसटी एवं कस्टम के सहायक आयुक्त संजीव ऋषि, सीबीआई के डीएसपी आशीष शर्मा, दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा दिल्ली पुलिस और तिहाड़ जेल प्रशासन के अधिकारियो ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

संगीतमय प्रस्तुतियों में अभिनेता एवं पार्श्व गायक राजा हसन, रश्मि शर्मा और सपना भटनागर तथा गायक शाज़िद अली और दीपक राणा सहित कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बॉलीवुड फिल्म निर्देशक राजीव एस. रुइया भी मौजूद रहे। कोर्ट स्टाफ, सरकारी अधिकारियों, दिल्ली पुलिस, तिहाड़ जेल अधिकारियों, तिहाड़ आइडल के प्रतिभागियों तथा रिफॉर्म डांस अकादमी के विद्यार्थियों ने मंच पर गायन और अन्य प्रस्तुतियों से मनमोह लिया। कार्यक्रम में इसके मुख्य प्रायोजक स्काई हाइट ग्लोबल इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन मनोज कुमार जी भी उपस्थित रहें।
कार्यक्रम के आयोजन में आर्ट क्रिएशंस कल्चरल सोसाइटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था के अध्यक्ष नरेश बैंसला, उपाध्यक्ष मयंक जैन, कोषाध्यक्ष पंकज चौहान, सचिव मंगे राम, महासचिव रचना जैन, संयुक्त सचिव सरिता तथा अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक मंडल के सदस्यों की भी सहभागिता रही।




