खेत में अचानक पहुंचीं डीएम मेधा रूपम, गिरधरपुर में धान की क्रॉप कटिंग का किया निरीक्षण,किसानों से बातचीत करती दिखीं अधिकारी
गौतमबुद्ध नगर डीएम मेधा रूपम ने धान की फसल की कटाई के दौरान अचानक खेतों में पहुंचीं। वहां उन्होंने क्रॉप कटिंग का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिया।

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले में खरीफ सीजन 2026-27 के तहत धान की कटाई का कार्य तेज हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने गुरुवार को तहसील सदर के गिरधरपुर गांव में धान की क्रॉप कटिंग के प्रयोग का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत फसल की कटाई कराकर प्राप्त उपज का आकलन किया। इस प्रक्रिया से धान के वास्तविक उत्पादन का अनुमान लगाने में मदद मिलेगी, जिसके आधार पर कृषि योजनाओं और फसल बीमा से संबंधित लाभ निर्धारित किए जाते हैं।
जिलाधिकारी की मौजूदगी में किसान शीला देवी के गाटा संख्या 58 स्थित खेत में नियमानुसार क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। निर्धारित क्षेत्र में धान की कटाई के बाद 10.805 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर खेत की उत्पादकता का आकलन किया गया। निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने किसानों से बातचीत कर फसल उत्पादन से जुड़ी जानकारी भी ली।
डीएम मेधा रूपम ने कहा कि फसल की वास्तविक उत्पादकता का सही आकलन करने के लिए क्रॉप कटिंग महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर उत्पादन का अनुमान लगाया जाता है, जिसका उपयोग कृषि योजनाओं और फसल बीमा के लाभ निर्धारित करने में किया जाता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग का कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाए, ताकि किसानों के हितों की रक्षा हो सके और उत्पादन के सटीक आंकड़े तैयार किए जा सकें।
गौरतलब है कि पिछले दिनों भारी बारिश के कारण धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिलों में फसलों की स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए थे। ऐसे में क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़े फसल उत्पादन की वास्तविक स्थिति समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, अपर सांख्यिकी अधिकारी अलका चौहान, लेखपाल जितेंद्र भाटी, राजस्व निरीक्षक नरेश शर्मा तथा बीमा कंपनी के प्रतिनिधि धीरज कुमार और रामऔतार सहित संबंधित किसान शीला देवी मौजूद रहीं।




