‘मंगल’ में पहाड़ी युवक के किरदार में देवा धामी के सहज और प्रभावी अभिनय ने दर्शकों पर छोड़ी गहरी छाप

राजू बोहरा / वरिष्ठ फ़िल्म संवाददाता
नई दिल्ली/चम्पावत….उत्तराखंडी की नई चर्चित फीचर फिल्म ‘मंगल’ 21 अगस्त को उत्तराखंड के सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया हासिल कर रही है। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह मनोरंजन के साथ उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति, लोकजीवन, रीति-रिवाजों, भाषा और मानवीय मूल्यों को बड़े पर्दे पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करती है।
फिल्म के मुख्य अभिनेता देवा धामी ने पहाड़ी युवक के किरदार को बेहद सहज और स्वाभाविक अंदाज में निभाया है। उनके अभिनय में पहाड़ के युवा की सादगी, संवेदनशीलता और अपनी जड़ों से जुड़ाव साफ दिखाई देता है। वहीं अभिनेत्री अंकिता परिहार ने भी अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है।

‘मंगल’ की कहानी में उत्तराखंड के पारंपरिक जीवन और संस्कृति की झलक प्रमुखता से दिखाई देती है। पहाड़ की बोली, परंपराएं, सामाजिक रिश्ते और लोकजीवन फिल्म को स्थानीय रंग देने के साथ दर्शकों को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ते हैं। यही वजह है कि फिल्म को परिवार के साथ देखने योग्य बताया जा रहा है।
फिल्म के निर्देशन, संगीत और छायांकन की भी सराहना हो रही है। उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और पारंपरिक परिवेश को कैमरे के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। दर्शकों का मानना है कि आज के दौर में अपनी माटी, भाषा और संस्कृति को केंद्र में रखकर बनने वाली फिल्मों की विशेष आवश्यकता है।
फिलहाल ‘मंगल’ का पहला चरण उत्तराखंड में उत्साहजनक प्रतिक्रिया के साथ चल रहा है। अब फिल्म को दिल्ली, मुंबई, जयपुर सहित अन्य शहरों में प्रदर्शित करने की तैयारी है। ‘मंगल’ उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में सामने आ रही है।




