मॉडल टाउन में ‘विकसित भारत सम्मेलन’ आयोजित, हर्ष मल्होत्रा और प्रवीण खंडेलवाल ने किया संबोधित

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दिल्ली भाजपा द्वारा सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में ‘विकसित भारत सम्मेलन’ आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मॉडल टाउन विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसे दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अशोक गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गर्ग एवं जिला प्रभारी राजेश भाटिया ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर निगम पार्षद विकेश सेठी, सुशील जौंटी, श्रीमती रेणु अग्रवाल तथा पूर्व जिलाध्यक्ष सरदार कुलदीप सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले और वर्तमान भारत के बीच स्पष्ट अंतर देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में सरकारी योजनाओं का लाभ पूर्ण रूप से जनता तक नहीं पहुंच पाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आधार और बैंक खातों को जोड़ने जैसी पहल के कारण अब योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की पूर्व सरकार केंद्र की योजनाओं को लागू करने में सहयोग नहीं करती थी, जबकि वर्तमान में भाजपा सरकार ने आयुष्मान योजना को लागू कर आम जनता को राहत दी है। इसके तहत पांच लाख रुपये के साथ अतिरिक्त सहायता प्रदान कर कुल 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित की गई है।
हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली में पूर्व सरकार के कार्यकाल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय पेयजल और सड़कों की स्थिति खराब थी, जबकि वर्तमान सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए बजट की व्यवस्था की गई है और जमीनी स्तर पर कार्य दिखाई दे रहे हैं।
यमुना की सफाई को लेकर उन्होंने कहा कि पूर्व में केवल दावे किए गए, लेकिन अब भाजपा सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठा रही है और आने वाले चार वर्षों में यमुना को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं ने आम जनजीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें।
सम्मेलन के माध्यम से भाजपा नेताओं ने सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

Related Articles

Back to top button