दिल्ली पुलिस का महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम: साइबर सुरक्षा व अधिकारों पर दी अहम जानकारी

नई दिल्ली। महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस के पीएमएमसी यूनिट द्वारा वाईडब्ल्यूसीए (YWCA), अशोक रोड, नई दिल्ली परिसर में विशेष महिला सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा संबंधी मुद्दों के प्रति जागरूक करना तथा दिल्ली पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न पहल की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत दिल्ली पुलिस म्यूजिक बैंड की आकर्षक प्रस्तुति से हुई, जिसमें देशभक्ति और प्रेरणादायक गीतों ने उपस्थित महिलाओं में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।
जागरूकता सत्र के दौरान साइबर पुलिस स्टेशन, नई दिल्ली की सब-इंस्पेक्टर कोमल शर्मा ने साइबर सुरक्षा विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल गिरफ्तारी जैसे नए साइबर अपराध, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी और व्यक्तिगत व वित्तीय जानकारी को सुरक्षित रखने के उपायों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में एसीपी/एसपीयूडब्ल्यूएसी सुश्री रेनू लता एवं निरीक्षक अदिथ लिली ने महिलाओं से जुड़े कानूनों, कार्यस्थल पर सुरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा उपायों और उपलब्ध कानूनी संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा, दिल्ली पुलिस के जन संपर्क वाहन के माध्यम से मल्टीमीडिया वीडियो प्रदर्शित कर महिलाओं को सुरक्षा के व्यावहारिक उपायों और सतर्कता संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
कार्यक्रम के अंत में वाईडब्ल्यूसीए की उप निदेशक डॉ. वंदना जी. मसीह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए दिल्ली पुलिस के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं को आत्मविश्वासी और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button