दिल्ली में हैवानियत: थार चालक ने स्ट्रीट डॉग को कई बार कुचलकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार
जगतपुरी में एक स्ट्रीट डॉग पर बार-बार गाड़ी चढ़ाकर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी सैफी हसन नकवी को गिरफ्तार किया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी। जमानती धारा होने के कारण आरोपी को थाने से ही जमानत मिल गई।

पूर्वी दिल्ली। शाहदरा जिले के जगतपुरी इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक थार चालक ने एक स्ट्रीट डॉग को जानबूझकर कई बार गाड़ी से कुचलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इस पूरी वारदात का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
घटना गुरुवार की है, जब जितार नगर इलाके में आरोपी चालक ने पहले डॉगी को टक्कर मारी और फिर तड़पते हुए उसके ऊपर तीन से चार बार गाड़ी बैक कर चढ़ा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
मामले में खजूरी खास निवासी और एनजीओ संचालक पराग महेश्वरी ने 19 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जगतपुरी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 323 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान जितार नगर निवासी डॉ. सैफी हसन नकवी के रूप में की। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आईपीएल टीमों के साथ सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में काम कर चुका है।
पुलिस ने आरोपी की गाड़ी उसके घर के अंदर खड़ी पाई, जबकि वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 22 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि, मामला जमानती धारा में दर्ज होने के कारण आरोपी को थाने से ही जमानत मिल गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश है। लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की क्रूर घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




