दिशा पाटनी पर टूटा दुखों का पहाड़, एक ही दिन में खोए दो प्यारे पालतू

दिशा पाटनी ने हाल ही में अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए अपने पेट्स की मौत की जानकारी शेयर की। उनका ये पोस्ट देखकर फैंस भी हैरान हैं।

एंटरटेनमेंट डेस्क/नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ‘वेलकम टू द जंगल’ की एक्ट्रेस ने एक ही दिन में अपने दो बेहद करीब पालतू जानवरों को खो दिया है। इस भावुक खबर की जानकारी खुद दिशा पाटनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए फैंस के साथ साझा की, जिसके बाद उनके प्रशंसक भी बेहद दुखी और हैरान हैं।
दिशा पाटनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो तस्वीरें साझा कीं, जिनमें एक उनके डॉग ‘बेला’ और दूसरी उनकी कैट ‘जैस्मिन’ की है। बेला की तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने भावुक कैप्शन में लिखा, “प्यारी बेला… मेरी जिंदगी में इतने रंग भरने के लिए तुम्हारा शुक्रिया। हमारा घर चुनने और मुझे अपनी मां के रूप में स्वीकार करने के लिए धन्यवाद। तुमने मुझे सिखाया कि प्यार क्या होता है। मैं तुम्हारी आंखों में पूरा ब्रह्मांड देखती थी। मैं तुम्हें बहुत मिस कर रही हूं और तुमसे दुनिया में सबसे ज्यादा प्यार करती हूं। भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे, मेरे सबसे प्यारे बच्चे।”
इसके बाद दिशा ने अपनी कैट जैस्मिन को याद करते हुए लिखा, “मेरी प्यारी जैस्मिन, सबसे प्यारा बच्चा होने के लिए धन्यवाद। मैं तुम्हारी मां बनने के लिए खुद को भाग्यशाली मानती हूं। तुम हमेशा मेरी प्रिंसेस रहोगी। जब तुम्हारे नन्हें पैर मेरे हाथों को छूते थे, वह एहसास शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं और तुम्हें बहुत याद कर रही हूं। रेस्ट इन पीस, मेरे बच्चे। तुम हमेशा मेरे दिल में जिंदा रहोगी।”
एक ही दिन दोनों पालतू जानवरों के निधन की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस भी हैरान रह गए। कई यूजर्स ने सवाल किया कि क्या दोनों की मौत एक ही दिन हुई है। वहीं, बड़ी संख्या में फैंस दिशा को इस मुश्किल घड़ी में हिम्मत रखने की सलाह दे रहे हैं और उनके पालतू जानवरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button