आउटर डिस्ट्रिक्ट पुलिस का विशेष अभियान, महिलाओं की सुरक्षा के लिए व्यापक जागरूकता और सख्त निगरानी

नई दिल्ली। आउटर डिस्ट्रिक्ट पुलिस की शिष्टाचार स्क्वॉड ने महिलाओं की सुरक्षा और आम जनता में विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से जिलेभर में विशेष जागरूकता एवं पेट्रोलिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर अपनी मौजूदगी बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं और नागरिकों के साथ सीधे संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।
अभियान के तहत बसों, बस स्टैंड, पार्कों, स्कूलों, स्टेडियम, पेंशन केंद्रों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस टीमों ने महिलाओं, छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों और दैनिक यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1093 और इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
शिष्टाचार स्क्वॉड ने महिलाओं और युवतियों से मित्रवत तरीके से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें बिना झिझक अपनी सुरक्षा संबंधी चिंताएं साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस पहल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना और बेहतर तालमेल स्थापित करना रहा।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त बढ़ाई गई। बसों, बस स्टैंड और अन्य यात्री केंद्रों पर पुलिस की मौजूदगी को सुदृढ़ किया गया, वहीं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित जांच अभियान भी चलाया गया। अभियान के तहत पिछले पांच दिनों में धारा 65 डीपी एक्ट के अंतर्गत 53 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई छेड़छाड़ रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई। आउटर डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने कहा कि वह निरंतर जागरूकता, सख्त निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से महिलाओं और सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।




