दिल्ली में गढ़वाली फिल्म ”सुपन्यु” का फर्स्ट लुक और पोस्टर धूमधाम से लॉन्च हुआ, यह फिल्म जल्द होगी रिलीज,

राजू बोहरा / वरिष्ठ संवाददाता, नई दिल्ली

नई दिल्ली। ट्विंकल फिल्म्स के बैनर तले निर्मित बहुप्रतीक्षित गढ़वाली फीचर फिल्म ‘सुपन्यू’ का फर्स्ट लुक और पोस्टर दक्षिणी दिल्ली स्थित वसंत कुंज के सिल्वन शेफ फार्महाउस में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान लॉन्च किया गया। उत्तराखंड की संस्कृति, समाज और संवेदनाओं को दर्शाती इस फिल्म के पोस्टर और फर्स्ट लुक को उपस्थित दर्शकों एवं फिल्म प्रेमियों ने खूब सराहा।

फिल्म के मुख्य निर्माता कौशल मणि ढोंढियाल हैं, जबकि सह-निर्मात्री श्रीमती पुष्पा ढोंढियाल हैं। उत्तराखंड फिल्म जगत के लोकप्रिय कलाकार अजय सिंह बिष्ट, जो अब तक लगभग 19 फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं, इस फिल्म के कार्यकारी निर्माता होने के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण भूमिका में भी नजर आएंगे।

फिल्म का निर्देशन सुप्रसिद्ध निर्देशक देवू रावत ने किया है, जबकि राजेंद्र नेगी सहायक निर्देशक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। फिल्म का शानदार छायांकन मनोज सती ने किया है, जिन्होंने उत्तराखंड की खूबसूरती और कहानी की भावनाओं को कैमरे में प्रभावशाली ढंग से कैद किया है।

निर्माता कौशल मणि ढोंढियाल ने बताया कि फिल्म को उत्कृष्ट बनाने के लिए पूरी टीम ने कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य किया है। अब फिल्म पूरी तरह तैयार है और दर्शकों की कसौटी पर खरा उतरने के लिए उत्सुक है।

पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम में उत्तराखंड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकार, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं सांस्कृतिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। इस अवसर पर फिल्म का फर्स्ट लुक और विशेष झलक भी प्रदर्शित की गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान निर्माता, निर्देशक और कलाकारों ने फिल्म निर्माण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा दर्शकों से फिल्म को समर्थन देने की अपील की।

फिल्म में उत्तराखंड के कई अनुभवी और चर्चित कलाकारों ने अभिनय किया है। प्रमुख कलाकारों में अजय सिंह बिष्ट, राजेश जोशी, अनुज खंडारी सहित अन्य प्रतिभाशाली कलाकार शामिल हैं। फिल्म की पूरी टीम को विश्वास है कि ‘सुपन्यू’ न केवल दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी, बल्कि एक सकारात्मक सामाजिक संदेश भी देगी

[email protected], 9350824380

Related Articles

Back to top button