ट्रंप को धन्यवाद देने पर पीएम मोदी पर आप का हमला, नाविकों की मौत पर चुप्पी पर उठाए सवाल
आम आदमी पार्टी ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद दिया, लेकिन होर्मुज हमले में मारे गए भारतीय नाविकों पर चुप हैं। अरविंद केजरीवाल ने सवाल उठाया कि ट्रंप को धन्यवाद किस बात के लिए? भारतीय नागरिकों की जान लेने के लिए? केजरीवाल ने कहा कि यह स्थिति देश के लिए शर्मनाक है।

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने होर्मुज क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों में भारतीय नाविकों की मौत के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद देने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि एक ओर भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर मौन हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ट्रंप को धन्यवाद दे रहे हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि किस बात के लिए आभार जताया जा रहा है, जबकि हमलों में भारतीयों की जान गई है। उन्होंने इसे देश के लिए शर्मनाक स्थिति बताते हुए कहा कि सरकार को इस पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने देश की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया है। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है और किसी भी विदेशी शक्ति को भारतीय हितों के साथ मनमानी करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
इसी मुद्दे पर पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों में हुए हमलों में तीन भारतीय नाविकों की जान जा चुकी है, लेकिन सरकार की ओर से संवेदना व्यक्त करने तक में देरी हुई है।
उल्लेखनीय है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास एक तेल टैंकर पर हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई, जबकि अन्य चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया। इस घटना के बीच प्रधानमंत्री द्वारा ट्रंप को धन्यवाद देने को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है।




