नांगलोई में शराबी चालक की स्कॉर्पियो डिवाइडर पर चढ़ी, फ्लाईओवर के पास बड़ा हादसा टल गया
नांगलोई में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो फ्लाईओवर के पास डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे शराब के नशे में धुत चालक के कारण बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है, और दिल्ली में नशे में ड्राइविंग के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई गई है।

पश्चिमी दिल्ली। नांगलोई क्षेत्र में बुधवार दोपहर नशा और रफ्तार का खतरनाक मेल एक बड़े हादसे का कारण बनते-बनते रह गया। तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के पास डिवाइडर पर चढ़ गई और लोहे के साइन बोर्ड को तोड़ते हुए उसमें फंस गई। गनीमत रही कि वाहन दूसरी लेन में नहीं पहुंचा, अन्यथा सामने से आ रहे वाहनों से टकराकर बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस के अनुसार करीब 2:30 बजे पीसीआर काल के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को हादसाग्रस्त स्कार्पियो डिवाइडर पर चढ़ी हुई मिली। जांच में पता चला कि विजय विहार निवासी संदीप वाहन चला रहा था। उसके साथ निखिल नामक युवक भी मौजूद था। दोनों मंगोलपुरी से मुंडका की ओर जा रहे थे और शराब के नशे में थे। जांच में पता चला कि वाहन संदीप की मां के नाम पर निबंधित है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था। टक्कर के दौरान वाहन के एयरबैग खुल गए, जिससे दोनों को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस को वाहन से शराब की बोतल भी मिली है। चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नशे में वाहन चलाने और लोगों का जीवन खतरे में डालने संबंधित धारा में मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही पुलिस आरोपित के पुराने आपराधिक और यातायात रिकार्ड की भी जांच कर रही है।
मई और जून में माह में नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों के कारण दिल्ली में हुए चार प्रमुख हादसों में ही तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं सामान्य हादसों में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। इन्हे देखते हुए ही दिल्ली ट्रैफिक पुलिस वीकेंड्स पर तड़के 3 बजे से सुबह 5 बजे के बीच हादसों का यह बढ़ता ग्राफ देखते हुए पुलिस ने सुबह के वक्त भी ब्रीथ-एनालाइजर टेस्ट (ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग) अनिवार्य कर दिया है।




