जम्मू कश्मीर के पुंछ में एल एलओसी पर घुसपैठ की बड़ी साजिश नाकाम, सेना ने एक आतंकी को किया ढेर

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए एक घुसपैठिए को मार गिराया। सेना ने कृष्णा घाटी सेक्टर में संदिग्ध गतिविधि देखने के बाद यह कार्रवाई की और पूरे इलाके में ऑपरेशनल तत्परता बढ़ा दी है।

जम्मू/एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास मंगलवार को घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एलओसी के पास संदिग्ध गतिविधि देखने के बाद भारतीय सेना के जवानों ने गोलीबारी की। भारतीय सेना के व्हाइट नाइट कोर ने ट्वीट किया कि लगातार निगरानी के आधार पर, आज शाम लगभग 4 बजे नियंत्रण रेखा के पास, पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर के भीतर लगभग 300 मीटर की दूरी पर संदिग्ध गतिविधि देखी गई।
पोस्ट में आगे लिखा कि व्हाइट नाइट कोर के सतर्क सैनिकों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया और नियंत्रण रेखा का उल्लंघन नहीं होने दिया। एक घुसपैठिए को मार गिराया गया है। हमारे सैनिक इलाके में अपना दबदबा बनाए हुए हैं और पूरे सेक्टर में उच्च स्तर की ऑपरेशनल तत्परता बनाए हुए हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में पुलिस ने सोमवार को आतंकवादियों के पुराने ठिकाने का भंडाफोड़ करके उस दौर की सामग्री बरामद की है, जब आतंकवाद चरम पर था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन सामग्रियों में आईईडी की बैटरियां और दूरबीन शामिल हैं। दारहल क्षेत्र के सारा-सिमली गली इलाके में पुलिस के विशेषअभियान दल (एसओजी) के तलाशी अभियान के दौरान यह बरामदगी हुई। अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए सामान में पांच आईईडी बैटरियां, दो पुराने बैग, एक दूरबीन, दो सिरिंज, शेविंग ब्लेड और कुछ डायरी कवर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिला है कि यह बरामद सामग्री उस दौर की है, जब आतंकवाद चरम पर था।

Related Articles

Back to top button