ई20 पेट्रोल की गुणवत्ता पर बीपीसीएल का स्पष्टीकरण, जांचे गए सभी 893 नमूने मानकों पर खरे
बीपीसीएल ने बताया कि जांच प्रक्रिया में 100 मिलीलीटर ई20 पेट्रोल में 30 मिलीलीटर पानी मिलाया जाता है, जिससे एथेनॉल और पेट्रोल की परतें अलग होती हैं। शुरुआत में मिश्रण का धुंधला या दूधिया दिखाई देना सामान्य है। दोनों परतों को पूरी तरह अलग होने में कुछ समय लगता है।

नई दिल्ली, एजेंसी। ई20 पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों के बीच भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि देश के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जांचे गए ई20 पेट्रोल के सभी 893 नमूनों में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई है। कंपनी के मुताबिक, सभी नमूनों में एथेनॉल की मात्रा 19 से 21 प्रतिशत के बीच रही, जो निर्धारित गुणवत्ता मानक के दायरे में है।
बीपीसीएल ने बताया कि यह जांच तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने सेंटर फॉर हाई टेक्नोलॉजी (सीएचटी) के समन्वय से कराई थी। इस गुणवत्ता निगरानी अभियान के तहत बीपीसीएल ने कुल 280 नमूनों का परीक्षण किया। कंपनी ने कहा कि जांच के नतीजे ई20 पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर उठ रही आशंकाओं को दूर करने वाले हैं।
यह स्पष्टीकरण कर्नाटक स्थित कंपनी के एक पेट्रोल पंप पर आयोजित उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान किए गए एथेनॉल पृथक्करण परीक्षण की तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद आया है। तस्वीर को लेकर कुछ लोगों ने पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा और ईंधन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे।
कंपनी ने बताया कि ई20 पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा की जांच के लिए 100 मिलीलीटर पेट्रोल में 30 मिलीलीटर पानी मिलाया जाता है। इस प्रक्रिया में एथेनॉल पानी के साथ मिल जाता है, जबकि पेट्रोल की अलग परत बनती है। मिश्रण तैयार होने के शुरुआती चरण में उसका धुंधला या दूधिया दिखाई देना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है। दोनों परतों को पूरी तरह अलग होने में कुछ समय लगता है और अंतिम परिणाम तभी स्पष्ट होता है।
बीपीसीएल के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीर परीक्षण पूरा होने से पहले ही साझा कर दी गई थी। उसमें जांच का अंतिम नतीजा नहीं, बल्कि प्रक्रिया का शुरुआती चरण दिखाई दे रहा था। कंपनी ने बताया कि गलतफहमी की आशंका के चलते संबंधित अधिकारी ने पोस्ट हटा दी थी। बाद में जांच पूरी होने पर संबंधित नमूना भी निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि उसके पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध ई20 ईंधन की गुणवत्ता की निगरानी भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के आईएस 17021 मानकों के अनुसार की जाती है। बीपीसीएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे ईंधन की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित अधूरी जानकारी के बजाय प्रमाणित जांच प्रक्रियाओं और आधिकारिक तथ्यों पर भरोसा करें।




