मोदी ने जेलेंस्की से की फोन पर बातचीत, रूस-यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान पर दिया जोर

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बात की। भारत ने एक बार फिर साफ किया कि वह युद्ध खत्म कराने के लिए शांति प्रयासों में योगदान देने को तैयार है। बातचीत में युद्ध के ताजा हालात के साथ भारत-यूक्रेन संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बात की

नई दिल्ली,एजेंसी। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को समाप्त कराने की कूटनीतिक कोशिशों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने युद्ध से जुड़े ताजा घटनाक्रमों और भारत-यूक्रेन द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने दोहराया कि भारत संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के प्रयासों में हरसंभव योगदान देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि युद्ध का अंत बातचीत और कूटनीति के माध्यम से ही संभव है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, बातचीत के दौरान राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के साथ जारी संघर्ष की मौजूदा स्थिति और हालिया घटनाक्रमों पर अपना पक्ष रखा। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण को दोहराते हुए कहा कि किसी भी संघर्ष का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए निकाला जाना चाहिए। दोनों नेताओं ने आपसी हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में भारत और यूक्रेन के बीच सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया।

यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब भारत युद्ध से जुड़े मानवीय और आर्थिक मुद्दों पर रूस, यूक्रेन तथा यूरोपीय देशों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। इससे पहले अटलांटा में जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया था कि भारत तीन प्रमुख मुद्दों पर संबंधित पक्षों से बातचीत कर रहा है। इनमें नागरिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा, काला सागर के रास्ते अनाज निर्यात बहाल करना तथा ऊर्जा से जुड़े बुनियादी ढांचे पर हमले रोकना शामिल हैं।

जयशंकर ने इन मुद्दों में ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले रोकने को सबसे जटिल चुनौती बताया था। उन्होंने कहा था कि अलग-अलग देशों के लिए ऊर्जा ढांचे का दायरा अलग हो सकता है। इसमें रिफाइनरी, बिजली ग्रिड और ईंधन ले जाने वाले जहाज भी शामिल हैं। भारत की कोशिश है कि सभी पक्षों को साथ लाकर इन मुद्दों पर व्यावहारिक समाधान तलाशा जाए। उन्होंने काला सागर के रास्ते अनाज निर्यात बहाल करने को विकासशील देशों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा था कि इस अनाज के बड़े खरीदार ग्लोबल साउथ के देश हैं।

भारत ने रूस और यूक्रेन दोनों के साथ उच्चस्तरीय कूटनीतिक संपर्क बनाए रखा है। विदेश मंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से दिल्ली और बिश्केक में बातचीत कर चुके हैं। वहीं, जयशंकर ने मॉस्को में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और कीव में यूक्रेनी नेतृत्व के साथ चर्चा की है। भारत ने अमेरिका को भी अपने प्रयासों की जानकारी दी है और उसकी शांति पहल के साथ समन्वय बनाए रखा है। हालांकि, जयशंकर ने स्पष्ट किया था कि कूटनीतिक बातचीत का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।

इससे पहले सितंबर में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कीव में राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की थी। यह किसी भारतीय विदेश मंत्री की यूक्रेन की पहली स्वतंत्र द्विपक्षीय यात्रा थी। इस दौरान दोनों पक्षों ने भारत-यूक्रेन संबंधों को मजबूत करने के साथ रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के संभावित उपायों पर चर्चा की थी। मुलाकात के बाद जेलेंस्की ने भारत के संपर्क और शांति प्रयासों के प्रति आभार जताते हुए कहा था कि युद्ध समाप्त होना चाहिए और शांति स्थापित करने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button