उत्तराखंड के नौगांव में तियां थान से बाहर निकले रुदेश्वर महाराज, उमड़ी भक्तों की भीड़

नौगांव/उत्तरकाशी। नौगांव एवं पुरोला विकास खंड के 65 गांवों के आराध्य देव श्री रुदेश्वर महाराज मंगलवार को अपने मूल धाम तियां थान से सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में बाहर निकले। इस दौरान देवता के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
इस अवसर पर देवता के पश्वा पंडित संकेत थपलियाल पर देव अवतरित हुए और उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। श्रद्धालुओं ने देवता के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं परिवारों की मंगलकामना की।
मंदिर परिसर में पूरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। ढोल-दमाऊं की पारंपरिक धुनों पर रवांई लोक संस्कृति और देव जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस मौके पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अब रुद्रेश्वर महाराज एक माह तक क्षेत्र के भ्रमण पर रहेंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंदिर समिति के अध्यक्ष जगमोहन परमार, विजय सिंह, धर्म सिंह, जयवीर परमार, जिला पंचायत सदस्य प्रियंका थपलियाल, जयेंद्र राणा, संजय थपलियाल, दिवान चौहान, जयवीर सिंह, ग्राम प्रधान रिना बहुगुणा, क्षेत्र पंचायत प्रवीन डोभाल, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजन में देवता के पश्वा अमित नौटियाल, अमन सेमवाल, पूर्व विधायक मालचंद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश चौहान, पुरोला नगर पालिकाध्यक्ष बिहारी लाल शाह, हरीमोहन जुंवाठा, सोवेंद्र सिंह आदि भी उपस्थित रहे।



