आदर्श नगर होटल कांड: महिला को थप्पड़ मारने पर एसआई का तबादला, जांच के आदेश

दिल्ली के आदर्श नगर स्थित होटल में पुलिस कार्रवाई के दौरान महिला को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने एसआई हिमांशु का तबादला कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के आदर्श नगर स्थित एक होटल में पुलिस कार्रवाई के दौरान महिला को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। मामले में आरोपी सब-इंस्पेक्टर का तबादला कर उसे डिस्ट्रिक्ट लाइंस भेज दिया गया है, साथ ही पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं।
यह घटना उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके के पंचवटी क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, देर रात एक महिला ने हेल्पलाइन पर कॉल कर आरोप लगाया था कि कुछ महिलाएं हथियार लेकर उसकी हत्या करने आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को हथियारों से जुड़े आरोप निराधार मिले। अधिकारियों के मुताबिक, मामला पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का था। इसी दौरान पूछताछ के दौरान सब-इंस्पेक्टर हिमांशु ने अपना आपा खोते हुए एक महिला को थप्पड़ मार दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसआई हिमांशु का तबादला कर दिया और उसे डिस्ट्रिक्ट लाइंस अटैच कर दिया। साथ ही मामले की विस्तृत विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
इससे पहले चांदनी चौक में कपड़ों की दुकान के सेल्समैन भोला महतो के साथ कथित मारपीट के मामले में भी दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल को निलंबित किया गया था। महतो ने आरोप लगाया था कि चोरी के झूठे आरोप में उसे चौकी और फिर थाने ले जाकर मारपीट की गई। इस मामले में उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त राजा बंथिया ने कांस्टेबल के निलंबन और जांच की पुष्टि की थी।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। एक ओर आदर्श नगर की घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं चांदनी चौक प्रकरण ने जवाबदेही और अनुशासन को लेकर नई बहस को जन्म दिया है।

Related Articles

Back to top button