दिल्ली में बिजली चोरी पर होगा सख्त ऐक्शन, मंत्री आशीष सूद ने दिया निर्देश
दिल्ली में बिजली चोरी रोकने के लिए सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। मंत्री आशीष सूद ने निर्देश दिया है कि बिजली चोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इस अभियान से दिल्ली में बिजली चोरी कम हुई है।

नई दिल्ली। दिल्ली में बिजली चोरी के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है। बिजली मंत्री आशीष सूद के निर्देशों पर दिल्ली में सबसे ज्यादा नुकसान वाले इलाकों को टार्गेट किया गया और वहां बिजली चोरी रोकने का प्रयास किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली के सबसे ज्यादा बिजली विभाग के नुकसान वालों में से एक कमरुद्दीन नगर में पहले से काफी सुधार हुआ है।
पश्चिमी दिल्ली के मुंडका का एक इलाका है, कमरुद्दीन नगर। इस इलाके में बिजली का नुकसान का स्तर काफी ऊपर चला गया था। इस दौरान बिजली मंत्री आशीष सूद के निर्देश पर सख्ती दिखाई गई। सख्ती के बाद कमरुद्दीन नगर में काफी सुधार देखने को मिला है। कमरुद्दीन नगर में पहले नुकसान 56 प्रतिशत से ज्यादा हो रहा था और बिजली चोरी के कारण इलाके में करीब 24.4 करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान बिजली विभाग को हो रहा था। अब इस इलाके में बिजली चोरी कम करके नुकसान को रोका जा रहा है।
जांच के दौरान बिजली विभाग ने पाया कि सबसे ज्यादा चोरी अवैध कमर्शियल और इंडस्ट्रियल यूनिट्स में की जा रही थी। इस दौरान ओवरहेड पावर लाइन से अवैध तरीके से कनेक्शन के जरिए बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस समस्या से निपटने के लिए बिजली मंत्री आशीष सूद ने डिस्कॉम के साथ प्रवर्तन एजेंसियों को बिजली चोरी के खिलाफ सख्त ऐक्शन लेने का निर्देश दिया है। इस अभियान के तहत कई इलाकों में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 6 मिलियन यूनिट से ज्यादा की बिजली चोरी रोकी गई।
बिजली मंत्री आशीष सूद के निर्देशों के तुरंत बाद ऐक्शन शुरू हुआ। इस दौरान जिन जगहों पर टार्गेट कर बिजली चोरी रोकने का प्रयास किया गया, वहां बिजली चोरी पहले से बहुत कम हो गई। इस दौरान करीब 34 हजार यूनिट बिजली की चोरी प्रतिदिन के हिसाब रुकी है। इस चोरी को रोकने के लिए सरकार ने असुरक्षित पावर लाइन को सुरक्षित करने के लिए चोरी रोधी आर्मर्ड केबलों से पूरी तरह से बदलने का निर्देश भी दिया है।
कमरुद्दीन नगर में मिली सफलता के बाद दिल्ली सरकार ने दिल्ली के दूसरे इलाकों पर भी टार्गेट शुरू कर दिया है। इस दौरान इलाकों में रेड कर बिजली चोरी रोकने का प्रयास किया जा रहा है। रेड के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहता है। इस दौरान अन्य इलाकों में बिजली चोरी रोकने और उसके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एडवांस्ड डेटा एनालिटिक्स का इस्तेमाल भी कर रही है।




