दिल्ली में महिलाओं व बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए ‘सेफ दिल्ली ऐप’ जल्द होगा लॉन्च, एक सेकंड में पहुंचेगा पुलिस को अलर्ट

दिल्ली सरकार जल्द ही 'सेफ दिल्ली ऐप' लॉन्च करने जा रही है, जो महिलाओं, बुजुर्गों और छात्रों की सुरक्षा को मजबूत करेगा। यह ऐप एक सेकंड से कम समय में पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजेगा, जिसमें लोकेशन, लाइव ऑडियो, वीडियो और GPS शामिल होंगे।

नई दिल्ली। राजधानी में महिलाओं, बुजुर्गों और छात्रों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार जल्द ही ‘सेफ दिल्ली ऐप’ लॉन्च करने जा रही है। सरकार का दावा है कि यह मोबाइल ऐप किसी भी आपात स्थिति में एक सेकंड से भी कम समय में पुलिस कंट्रोल रूम तक अलर्ट भेजने में सक्षम होगा।
इस ऐप की खास बात यह है कि खतरे की स्थिति में उपयोगकर्ता को मोबाइल चलाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। ऐप में पहले से दर्ज वॉयस कमांड बोलते ही यह सक्रिय हो जाएगा और पुलिस कंट्रोल रूम को लोकेशन के साथ लाइव ऑडियो, वीडियो और जीपीएस जानकारी तुरंत भेज देगा।
इसके अलावा, ऐप में आपातकालीन संपर्क नंबर भी पहले से फीड किए जा सकेंगे, जिन पर एसएमएस और व्हाट्सऐप के माध्यम से घटना की सूचना अपने आप पहुंच जाएगी। इससे परिवार के सदस्य या भरोसेमंद लोग भी तुरंत अलर्ट हो सकेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, यह ऐप विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए उपयोगी होगा जो देर रात काम से लौटती हैं, छात्राएं जो सुनसान रास्तों या कॉलेज परिसरों में अकेली होती हैं, और वे बुजुर्ग जो घर में अकेले रहते हैं। किसी भी आपात स्थिति में वे बिना समय गंवाए सीधे पुलिस से जुड़ सकेंगे।
सरकार का मानना है कि इस ऐप के जरिए स्ट्रीट क्राइम, छेड़छाड़, स्टॉकिंग, लूटपाट, चेन स्नैचिंग और सुनसान इलाकों में होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। अधिकारियों का कहना है कि लाइव ऑडियो-वीडियो मिलने से पुलिस को घटनास्थल की वास्तविक स्थिति तुरंत समझने में मदद मिलेगी और अपराधियों की पहचान करना भी आसान होगा।
बताया गया है कि दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिले में इस ऐप का पायलट प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है और इसकी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी गई है। सूत्रों के अनुसार, ऐप को मंजूरी देने के लिए कैबिनेट प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है और जल्द ही इसे औपचारिक रूप से लॉन्च किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button