दक्षिण दिल्ली के छतरपुर में 11 साल की दिव्यांग बच्ची का अपहरण और रेप, अरावली के जंगल में मिला शव
महरौली पुलिस स्टेशन के इलाके में छतरपुर एक्सटेंशन में 11 साल की बच्ची के अपहरण और रेप का मामला सामने आया है।

दक्षिण दिल्ली। महरौली में एक 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने का बेहद घिनौना मामला सामने आया है। आरोपित एक कैब ड्राइवर है। बताया जा रहा है कि उसने बच्ची को फुटपाथ से अगवा कर जघन्य वारदात को अंजाम दिया और शव को जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से मात्र चार घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के आधार पर बच्ची का शव भी बरामद कर लिया गया है।
सोमवार देर रात महरौली के सीडीआर चौक इलाके में बच्ची अपने परिजनों के साथ फुटपाथ पर सो रही थी। इसी दौरान आरोपी कैब ड्राइवर बबलू (25 वर्ष) ने उसे अगवा कर लिया। आरोपी ने बच्ची को गुरुग्राम ले जाकर दुष्कर्म किया और फिर हत्या कर शव को महरौली के जंगलों में फेंक दिया।
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पीसीआर कॉल पर परिवार ने बच्ची के लापता होने की सूचना दी। महरौली थाना पुलिस ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया और तकनीकी व गुप्त सूत्रों की मदद से आरोपी तक पहुंच गई।
आरोपित बबलू ओला-उबर टैक्सी चलाता था। गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल लिया है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट, बलात्कार और हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।




