पश्चिमी दिल्ली के इस इलाके में गरजा निगम का बुलडोजर, नाले पर बने अवैध निर्माण ध्वस्त
पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर में नगर निगम ने पैसेफिक मॉल के पीछे नाले पर से भारी अतिक्रमण हटाया। इस कार्रवाई में 300 वर्ग मीटर क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त हुआ, जिससे विकास कार्यों का रास्ता साफ हुआ।

पश्चिमी दिल्ली। अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के तहत सोमवार को नगर निगम के पश्चिमी जोन द्वारा वार्ड संख्या 97 स्थित सुभाष नगर के श्याम नगर पुनर्वासित कॉलोनी में निगम ने बड़ी कार्रवाई की। इसके तहत पैसेफिक मॉल के पीछे विकास कार्यों में बाधा बन रहे भारी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई।
पुलिस बल की मौजूदगी में चले इस अभियान के तहत नाले के ऊपर बने अस्थायी इमारतों को ढहा दिया गया, जिससे लगभग 300 वर्ग मीटर का क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त हो गया है।
निगम अधिकारी ने बताया कि राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में विधायक फंड से होने वाले वर्षा जल निकासी के लिए नाले का निर्माण और आरएमसी सड़क के सुदृढ़ीकरण का काम होना है। लेकिन, मौजूदा नाले के ऊपर अवैध कब्जे के कारण यह विकास कार्य लंबे समय से रुका हुआ था।
मानसून आने को है, ऐसे में नाले से अवैध अतिक्रमण को हटाना बेहद जरुरी था। कार्रवाई से पूर्व नियमानुसार अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर सरकारी जमीन और नाले के रास्ते से तुरंत अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जब कब्जा नहीं हटाया गया, तो निगम को कार्रवाई करनी पड़ी। कार्रवाई के दौरान नाले पर बनी कुल 25 इमारतों को पूरी तरह या आंशिक रूप से हटा दिया गया।




