ब्रिटेन में बड़ा सियासी उलटफेर, कीर स्टारमर ने प्रधानमंत्री पद से दिया इस्तीफा

लेबर पार्टी में मची उथल-पुथल के बीच कीर स्टारमर ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने किंग को अपने फैसले की जानकारी दी और नए प्रधानमंत्री के चुने जाने तक पद पर बने रहेंगे।

लंदन/एजेंसी। लेबर पार्टी के अंदर मची उथल-पुथल के बीच ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने सोमवार को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के साथ डाउनिंग स्ट्रीट में एक और छोटे कार्यकाल का अंत हो गया। हाल के वर्षों में ब्रिटेन में पीएम पद के छोटे-छोटे कार्यकाल का सिलसिला जारी है, अब स्टार्मर भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
डाउनिंग स्ट्रीट से जारी आधिकारिक बयान में स्टार्मर ने कहा कि उन्होंने अपने फैसले की जानकारी किंग को दे दी है। उन्होंने साफ किया कि अगले प्रधानमंत्री के चुने जाने तक वह पद पर बने रहेंगे। कई राजनीतिक झटकों, घटते समर्थन और लेबर पार्टी के भीतर से नेतृत्व परिवर्तन की तेज मांगों के बाद स्टार्मर के भविष्य को लेकर पिछले कई हफ्तों से अटकलें लगाई जा रही थीं। 2024 के आम चुनाव में लेबर पार्टी को भारी बहुमत दिलाने वाले स्टार्मर ने कंजर्वेटिव पार्टी के 14 साल के शासन का अंत किया था।
शुरुआती दिनों में उनकी सरकार को जनता का जबरदस्त समर्थन प्राप्त हुआ, लेकिन बाद में अर्थव्यवस्था की चुनौतियां, सार्वजनिक सेवाओं में गिरावट और पार्टी के अंदर बढ़ते मतभेदों ने उनकी सरकार को घेर लिया।
61 साल के स्टार्मर जुलाई 2024 में ब्रिटेन के 58वें प्रधानमंत्री बने थे। चुनाव में जीत के बाद अपने पहले संबोधन में उन्होंने अपने पूर्ववर्ती ऋषि सुनक की तारीफ की थी और उनके नेतृत्व और मेहनत की सराहना की थी। स्टार्मर ने बदलाव लाने और ठोस नतीजे देने का वादा किया था, लेकिन अलग-अलग मोर्चों पर आई चुनौतियों ने उन्हें इस्तीफा देने को मजबूर कर दिया।

Related Articles

Back to top button