‘केशव प्रसाद मौर्य के गाल जैसी अलीगढ़ की सड़कें’ करणी सेना अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू का विवादित बयान

करणी सेना अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने अब केशव प्रसाद मौर्य पर निशाना साधा है। उन्होंने अलीगढ़ की सड़कों को उनकी गाल की तरह खुरदरी करार दिया।

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही प्रदेश की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है और विभिन्न संगठन अपनी सक्रियता बढ़ाते नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने अलीगढ़ में सड़कों की खराब स्थिति को लेकर विवादित बयान देते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।
अलीगढ़ पहुंचे सूरजपाल अम्मू ने शहर की सड़कों की हालत की तुलना उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के गालों से करते हुए कहा कि यहां की सड़कें खुरदरी हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सोहना से अलीगढ़ पहुंचने में अब करीब चार घंटे का समय लग रहा है, जबकि पहले यह दूरी दो घंटे में तय हो जाती थी। इसको लेकर उन्होंने सरकार से जवाब मांगा और कहा कि विकास के दावे करने वाले नेताओं को सड़कों की वास्तविक स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए।
सूरजपाल अम्मू ने तंज कसते हुए कहा कि पहले सड़कों को हेमा मालिनी और ऐश्वर्या राय के गालों की तरह चिकना बनाने की बात कही जाती थी, लेकिन अब हालात इसके उलट नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने बयान को पूर्व बिहार मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के पुराने बयान से जोड़ते हुए कहा कि अब सड़कों की हालत खुरदरी हो गई है।
इससे पहले भी सूरजपाल अम्मू अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर चर्चा में रहे हैं। उन्होंने हाल ही में कहा था कि करणी सेना किसी राजनीतिक दल की गुलाम नहीं है और आगामी विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतार सकती है। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अम्मू के इस बयान से राजनीतिक माहौल और गरमाने की संभावना जताई जा रही है, जबकि सड़कों की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button