मेरठ में सैनिक परिवारों के बच्चों के लिए बड़ी पहल, खास ‘पाठशाला’ में करेंगे विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी

मेरठ मिलिट्री स्टेशन में सैनिक परिवारों के बच्चों के लिए 'पाठशाला-ज्ञान सेतु कम्युनिटी स्टडी सेंटर' का उद्घाटन हुआ। यह केंद्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर मार्गदर्शन प्रदान करेगा।

मेरठ/उत्तर प्रदेश। मेरठ मिलिट्री स्टेशन में सैनिक परिवारों के बच्चों के शैक्षणिक सशक्तीकरण की दिशा में बुधवार को एक ऐतिहासिक पहल की शुरुआत हुई। प्रदेश सरकार ने जिस तरह जरूरतमंद होनहार विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारियों के लिए अभ्युदय योजना शुरू की है, उसी तर्ज पर मिलिट्री हास्पिटल (MH Meerut) परिसर में स्थापित ‘पाठशाला-ज्ञान सेतु कम्युनिटी स्टडी सेंटर’ का उद्घाटन मुख्य अतिथि पश्चिम यूपी सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल सुमित राणा ने किया।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह केंद्र सेना के जवानों और जेसीओ के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर मार्गदर्शन के लिए एक समर्पित मंच उपलब्ध कराएगा।
उद्घाटन समारोह के दौरान छात्रों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए मेजर जनरल सुमित राणा ने कहा, यह ‘ज्ञान सेतु’ केवल एक इमारत या स्टडी सेंटर नहीं है, बल्कि आपके सपनों को पंख देने वाला एक लांचपैड है। भारतीय सेना के बच्चों में अनुशासन और जुझारूपन जन्मजात होता है। अब उन्हें उत्कृष्ट संसाधनों का भी साथ मिलेगा, जिससे वे अपने लक्ष्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकेंगे।
‘ज्ञान सेतु’ की परिकल्पना और स्थापना के पीछे मिलिट्री हास्पिटल मेरठ के कमांडेंट ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा की दूरदर्शी सोच और सैनिक परिवारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को प्रमुख आधार माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में अस्पताल की टीम ने कम समय में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मूर्त रूप दिया। जीओसी ने परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि किसी विचार को इतने कम समय में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त केंद्र के रूप में विकसित करना सेना की कार्यक्षमता और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा, कर्नल ऋषि ढिल्लों सहित पूरी टीम के प्रयासों की प्रशंसा की।
कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए तैयार किए गए इस हाइब्रिड स्टडी सेंटर में वातानुकूलित साइलेंट स्टडी जोन, डिजिटल संसाधनों से युक्त अध्ययन कक्ष और साइबर-सुरक्षित ई-लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय डिजिटल लाइब्रेरी, एनसीईआरटी और अन्य स्वीकृत शैक्षणिक पोर्टलों तक सुरक्षित पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि गैर-शैक्षणिक वेबसाइटों और इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर नियंत्रण रहेगा। इसके अलावा भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित जैसे विषयों की विशेष समूह कक्षाओं के लिए अनुभवी शिक्षकों को जोड़ा गया है। इन कक्षाओं का शुल्क बाजार दरों की तुलना में बेहद कम रखा गया है ताकि अधिक से अधिक सैन्य परिवार इसका लाभ उठा सकें।
करियर मार्गदर्शन और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
‘ज्ञान सेतु’ की सबसे उल्लेखनीय विशेषताओं में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और करियर निर्माण पर विशेष ध्यान शामिल है। मिलिट्री हास्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक और मनोवैज्ञानिक नियमित अंतराल पर कार्यशालाओं का आयोजन करेंगे, जिनमें परीक्षा तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास विकास जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही हर शनिवार को भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक सेवाओं के विशेषज्ञ और विभिन्न क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों को एनडीए, सीडीएस, नीट, जेईई और अन्य प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
सैनिकों के मनोबल को मिलेगी नई मजबूती
कमांडेंट ब्रिगेडियर विक्रम पात्रा ने कहा कि यह परियोजना केवल बच्चों की शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के मनोबल से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि जब किसी सैनिक को यह विश्वास होगा कि उनके बच्चों की शिक्षा और भविष्य की चिंता सेना स्वयं कर रही है, तो वह अपने कर्तव्य का निर्वहन और अधिक एकाग्रता और आत्मविश्वास के साथ कर सकेंगे।
भविष्य में और विस्तारित होंगी सुविधाएं
सैन्य अधिकारियों के अनुसार ‘ज्ञान सेतु’ को चरणबद्ध तरीके से और विकसित किया जाएगा। आगामी चरणों में जीव विज्ञान, अंग्रेजी और वाणिज्य जैसे विषयों की विशेष कक्षाएं, स्मार्ट क्लासरूम तकनीक, उन्नत ई-लर्निंग टूल्स तथा माक टेस्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को भी शामिल किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया और मेरठ छावनी के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, जेसीओ, सैनिक तथा बड़ी संख्या में सैन्य परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों को केंद्र की संचालन प्रक्रिया और पंजीकरण संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई। ज्ञान, अनुशासन और आधुनिक संसाधनों का यह संगम न केवल सैनिक परिवारों के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देगा, बल्कि भारतीय सेना की परिवार-केंद्रित कल्याणकारी सोच का भी सशक्त उदाहरण बनेगा।

मेरठ में सैनिक परिवारों के बच्चों के लिए बड़ी पहल, खास 'पाठशाला' में करेंगे  विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी - gyan setu study center opens in meerut mh for  indian army ...

Related Articles

Back to top button