तिहाड़ और मंडोली जेल में पांच वर्षों से अधिक समय से तैनात 39 डॉक्टरों का होगा स्थानांतरण

तिहाड़ और मंडोली जेलों में पांच साल से अधिक समय से तैनात 39 डॉक्टरों के तबादले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दिल्ली सरकार ने मानव संसाधनों के बेहतर उपयोग और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।

नई दिल्ली/एजेंसी। तिहाड़ और मंडोली जेलों में लंबे समय से तैनात डाक्टरों को वहां से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दिल्ली सरकार ने इन दोनों जेलों में पांच वर्षों से अधिक समय से जमे हुए 39 डाक्टरों को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। इसका प्रस्ताव उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को भेजा गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत केंद्रीय खरीद एजेंसी (सीपीए) में भ्रष्टाचार का मामला सामने आने के बाद वहां से 40 से अधिक डाक्टर, पैरामेडिकल और प्रशासनिक अधिकारियों एवं अन्य कर्मियों का स्थानांतरण किया गया था। विभिन्न अस्पतालों व स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी इकाइयों में तैनात डॉक्टरों व अन्य कर्मियों की समीक्षा की जा रही है।
इसी कड़ी में तिहाड़ व मंडोली जेल में तैनात विशेषज्ञ डाक्टर और जनरल ड्यूटी मेडिकल अधिकारियों को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है। इनमें से कई डाक्टर 11 वर्षों से अधिक समय से यहां तैनात हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न इकाइयों को अधिक सक्षम, उत्तरदायी और जनहित केंद्रित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य उपलब्ध मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना तथा संस्थागत क्षमता को मजबूत करना है ताकि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें।
स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासनिक सुधार, संसाधनों का संतुलित उपयोग और जवाबदेही आधारित कार्य संस्कृति आवश्यक है। इसी दृष्टिकोण के तहत विभिन्न संस्थानों में मानव संसाधनों की तैनाती की समीक्षा की जा रही है और आवश्यकता के अनुरूप सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button