आनंद विहार थाना पुलिस की बड़ी सफलता, दो शातिर स्नैचर और ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार, चोरी के दो वाहन बरामद

दिल्ली ब्यूरो। शाहदरा जिले में बढ़ती स्नैचिंग और वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए आनंद विहार थाना पुलिस की क्रैक टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर स्नैचर एवं ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो दोपहिया वाहन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में क्षेत्र में स्नैचिंग और मोटर वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए सक्रिय अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में हेड कांस्टेबल लोकेश, सोनू, प्रदीप और कांस्टेबल गौरव शामिल थे, जो थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनीष कुमार, एसीपी विवेक विहार मोहितर सिंह तथा डीसीपी शाहदरा के मार्गदर्शन में कार्य कर रहे थे।
18 जून 2026 को टीम जब मंगला रोड, एजीसीआर एन्क्लेव के पास गश्त कर रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट की सीटी-100 मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर वाहन के कागजात मांगे, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और घबराए हुए नजर आए। जांच में पाया गया कि मोटरसाइकिल ई-एफआईआर संख्या 013864/26, थाना फरश बाजार से चोरी की गई थी। इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 16 जून को उक्त मोटरसाइकिल थाना फरश बाजार क्षेत्र से चोरी की थी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि 13 जून को उसी इलाके से एक होंडा एक्टिवा स्कूटर भी चोरी किया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सीबीडी ग्राउंड के पास से स्कूटर भी बरामद कर लिया, जो ई-एफआईआर संख्या 013519/26 से संबंधित पाया गया।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चोरी किए गए दोपहिया वाहनों का उपयोग शाहदरा जिले के विभिन्न इलाकों में स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने के लिए करते थे। उन्होंने थाना आनंद विहार में दर्ज एक स्नैचिंग मामले में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आर्थिक लाभ और निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए अपराध करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋतिक (21) और अतुल (18) के रूप में हुई है, जो विश्वास नगर, शाहदरा के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक सीटी-100 मोटरसाइकिल और एक होंडा एक्टिवा स्कूटर बरामद किया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी कई अन्य वाहन चोरी और स्नैचिंग के मामलों में शामिल रहे हैं। अब तक कुल छह मोटर वाहन चोरी के मामलों और एक स्नैचिंग केस का खुलासा हुआ है।
शाहदरा जिला पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के वाहनों की बरामदगी से क्षेत्र में हो रही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपियों की अन्य मामलों में संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button