ज्योति नगर में हत्या के प्रयास का मामला सुलझा, तीन नाबालिग सहित पांच आरोपी गिरफ्तार

उत्तर पूर्वी दिल्ली। उत्तर पूर्वी जिले के ज्योति नगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन नाबालिगों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार/हिरासत में लिया है। यह मामला 16 जून 2026 को कर्दमपुरी इलाके में हुए चाकूबाजी की घटना से जुड़ा है।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे गली नंबर-4, कर्दमपुरी में चाकूबाजी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि घायल हुसैन (18) और रहमान (19) को स्थानीय लोग जीटीबी अस्पताल ले जा चुके हैं। पूछताछ में सामने आया कि रहमान और कर्दमपुरी निवासी साजिद के बीच एक युवती को लेकर विवाद चल रहा था।
घटना के दिन हुसैन, रहमान और आमिर विवाद सुलझाने कर्दमपुरी पहुंचे थे। बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और रहमान द्वारा साजिद को थप्पड़ मारने के बाद साजिद व उसके साथियों ने कथित तौर पर चाकुओं से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।
मामले में एफआईआर संख्या 276/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने फर्दीन (19), काशिफ (19) समेत तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चार चाकू, एक ईंट का टुकड़ा और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button