दिल्ली पुलिस में अब तक का सबसे बड़ा फेरबदल, 4,889 पुलिसकर्मियों के तबादले, नई नीति लागू
दिल्ली पुलिस ने नई ट्रांसफर-पोस्टिंग नीति के तहत 4,889 पुलिसकर्मियों का बड़े पैमाने पर तबादला किया है। इसमें 3,133 सिपाही और 1,756 हवलदार शामिल हैं, जिन्हें पारदर्शी प्रक्रिया से विभिन्न यूनिटों में भेजा गया है।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अपने कर्मियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। नई ट्रांसफर-पोस्टिंग नीति के तहत कुल 4,889 पुलिसकर्मियों को एक जिला व यूनिट से हटाकर दूसरे जिलों और इकाइयों में तैनात किया गया है। यह हाल के वर्षों में पुलिस विभाग का सबसे बड़ा तबादला माना जा रहा है।
तबादला किए गए कर्मियों में 3,133 सिपाही और 1,756 हवलदार शामिल हैं। पुलिस मुख्यालय के अनुसार यह पूरी प्रक्रिया विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से की गई है, जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके। यह कदम हाल ही में लागू स्टैंडिंग ऑर्डर के तहत उठाया गया है, जिसके अनुसार निर्धारित कार्यकाल पूरा करने वाले कर्मियों को नई जिम्मेदारियां दी जानी अनिवार्य है।
नई व्यवस्था के तहत फ्रंटलाइन यूनिट्स जैसे थाने, स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच और ट्रैफिक में तैनात कर्मियों को सपोर्ट यूनिट्स—स्पेशल ब्रांच, सुरक्षा, पीसीआर, बटालियन और विजिलेंस—में भेजा गया है। वहीं सपोर्ट यूनिट्स में कार्यरत कर्मियों को फ्रंटलाइन ड्यूटी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव का उद्देश्य विभिन्न इकाइयों के बीच संतुलन बनाना और पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया से कर्मियों को अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके अनुभव और दक्षता में वृद्धि होगी। साथ ही किसी एक ही यूनिट में लंबे समय तक तैनाती की प्रवृत्ति पर भी रोक लगेगी।
तबादले के बाद सभी कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द से जल्द अपनी नई तैनाती स्थल पर रिपोर्ट कर कार्यभार संभालें। इससे पहले भी पूर्व पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना के कार्यकाल में इस तरह का व्यापक तबादला किया गया था।




