दिल्ली में भाजपा का 256 मंडलों में जनसंपर्क अभियान शुरू, प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने घर-घर जाकर किया संवाद, सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
दिल्ली बीजेपी ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष और दिल्ली सरकार के 16 महीने के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए गुरुवार से तीन दिवसीय विशेष जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। यह अभियान 18 जून से 20 जून तक दिल्ली भाजपा के सभी 256 मंडलों में चलाया जाएगा।

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष और दिल्ली सरकार के 16 महीने के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार से तीन दिवसीय विशेष जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। यह अभियान 18 जून से 20 जून तक राजधानी के सभी 256 मंडलों में चलाया जाएगा। अभियान के तहत सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और उन्हें केंद्र व दिल्ली सरकार के विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। साथ ही सरकारों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड भी नागरिकों को सौंपा जाएगा।
अभियान का शुभारंभ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने शाहदरा के भोलेनाथ नगर में किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित किया और सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को अब दिल्ली में प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।
हर्ष मल्होत्रा ने यह भी दावा किया कि दिल्ली की भाजपा सरकार ने सत्ता संभालने के बाद कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिन्हें पूर्ववर्ती सरकारें लंबे समय तक पूरा नहीं कर सकीं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।
पार्टी नेताओं के अनुसार, यह तीन दिवसीय अभियान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा, जिसमें कार्यकर्ता आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। इसके माध्यम से सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ आगामी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। भाजपा का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता के साथ प्रत्यक्ष संवाद को मजबूत करना है।





