एमसीडी वार्ड कमेटियों के चुनाव की घोषणा जल्द
दिल्ली नगर निगम की 12 वार्ड कमेटियों के चुनाव की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है, जो पहले दो बार स्थगित हो चुके थे। स्थायी समिति के गठन में देरी से स्थानीय विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और पार्षदों को समस्याओं के समाधान में दिक्कत आ रही है।

नई दिल्ली। इस सप्ताह दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 12 वार्ड कमेटियों के चुनाव की कभी भी घोषणा हो सकती है। एमसीडी की तरफ से पूर्व में दो बार इन चुनावों की तारीखों में बदलाव किया गया था। फिर इसे अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया।
निगम पदाधिकारी अधिमास खत्म होने का तर्क देकर 15 जून के बाद चुनाव की बात कह रहे हैं। एमसीडी में हर वर्ष वार्ड कमेटियों और स्थायी समिति के चेयरमैन व डिप्टी चेयरमैन चुनने का प्रविधान है। एमसीडी के एकीकरण के बाद वर्ष 2023 में यह चुनाव होने थे, लेकिन आप सरकार ने स्थायी समिति की सत्ता न मिलने के डर से इन कमेटियों का गठन नहीं किया था। जिसके बाद यह मामला सुप्रीम कोर्ट में भी चला गया था।
वर्ष 2024 में इन चुनाव को तत्कालीन आप सरकार के महापौर के आदेश के खिलाफ जाकर एलजी की मंजूरी से जोन के उपायुक्तों को पीठासीन अधिकारी बनाकर चुनाव कराया था। इस बार कई पार्षदों को अपनी बारी आने पर वार्ड कमेटियों में चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन बनने की आस है।
12 वार्ड कमेटियों में से आठ में भाजपा का बहुमत हैं। भाजपा दो जोन में चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन बनाने की जुगत में लगी है। मालूम हो कि एमसीडी ने 12 वार्ड कमेटियों के चुनाव की तारीख पहले 23 मई निर्धारित की गई थी। बाद में इसे 29 मई कर दिया गया था। बाद में इन चुनावों को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया था। अब उम्मीद है जल्द चुनाव की घोषणा हो जाएगी।
एमसीडी की वार्ड कमेटियों और स्थायी समिति का कार्यकाल प्रत्येक वर्ष 31 मार्च को खत्म हो जाता है, लेकिन इसके चेयरमैन और डिप्टी चेयमैन व सदस्य तब तक बने रहते हैं, जब तक नए चुनाव नहीं हो जाते। ऐसे में एक अप्रैल के बाद जब भी इन कमेटियों की बैठक होती है, तो उसमें चुनाव कराने का प्रविधान है।
कमेटियों का कार्यकाल खत्म हुए ढाई माह होने जा रहा है। इसलिए इन कमेटियों की बैठक तक नहीं हो पा रही है। इससे पार्षदों को स्थानीय स्तर पर समस्याओं के निदान में दिक्कत आ रही है। साथ ही स्थायी समिति जैसी महत्वपूर्ण कमेटी का गठन न होने की वजह से विकास की परियोजनाएं भी लटक रही हैं।




