ट्रॉनिका सिटी में अवैध मजार पर गरजा बुलडोजर, भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

गाजियाबाद प्रशासन अवैध निर्माण पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। रविवार को अवैध मजार को तोड़ा गया। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा, जिससे कोई अप्रिय घटना न हो।

गाजियाबाद। गजियाबाद जिले के लोनी के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में रविवार को प्रशासन ने ग्रीन बेल्ट की जमीन पर बनी एक कथित अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई को लेकर पहले से तैयारियां की गई थीं और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्रशासन का दावा है कि संबंधित निर्माण यूपीसीडा की भूमि पर अवैध रूप से किया गया था और नोटिस के बावजूद इसे नहीं हटाया गया।
ट्रॉनिका सिटी गेट नंबर-1 के पास स्थित मजार को लेकर यूपीसीडा ने पहले जांच कराई थी। जांच में जमीन को यूपीसीडा की संपत्ति और ग्रीन बेल्ट का हिस्सा बताया गया। इसके बाद संबंधित पक्ष को निर्माण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय के भीतर कोई कार्रवाई नहीं होने पर ध्वस्तीकरण का फैसला लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया। पीएसी, आरएएफ और स्थानीय पुलिस समेत करीब 400 से 450 सुरक्षाकर्मी मौके पर मौजूद रहे। आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई और बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी गई। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर रहकर पूरी कार्रवाई की मॉनिटरिंग की। प्रशासन का कहना है कि ध्वस्तीकरण शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराया गया।
पुलिस और प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि सरकारी भूमि पर निर्माण किसके द्वारा कराया गया था। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि अवैध निर्माण कराने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों पर कब्जा करने और अवैध निर्माण कराने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button