दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, धूल भरी आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने फिर करवट ली है। सुबह झमाझम बारिश के बाद दोपहर में धूल भरी आंधी चल रही है।

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार दोपहर मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत और फरीदाबाद में काले बादल छा गए और धूल भरी आंधी चलने लगी, जिससे दिन में ही अंधेरा छा गया और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।
इससे पहले सुबह दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में हुई बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति देखी गई। गुरुग्राम में लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव बढ़ने की आशंका जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से क्षेत्र में बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने दिन भर बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा के कई दौर होने का अनुमान जताया है।
दिल्ली में आज चुभन भरी गर्मी से राहत बनी रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं, सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 135 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। एनसीआर के अन्य शहरों में भी वायु गुणवत्ता संतोषजनक से मध्यम श्रेणी में बनी हुई है और फिलहाल इसमें बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

Related Articles

Back to top button