दिल्ली की महिलाओं के लिए जरूरी खबर, अब हर सोमवार को बंद रहेंगे ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड केंद्र’
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड वितरण केंद्रों को सोमवार को बंद रखने की घोषणा की है। यह निर्णय कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश देने के लिए लिया गया है, जिन्होंने 3 मार्च से लगातार ड्यूटी दी है।

नई दिल्ली। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड वितरण केंद्रों को सोमवार को बंद रखने की घोषणा की है। इसका मकसद इस कार्य में लगे कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश देना है।
डीटीसी के उप मुख्यमहाप्रबंधक अमन छिकारा ने बताया है कि इस कार्य में लगे कर्मचारी 3 मार्च से लगातार अपनी ड्यूटी दे रहे हैं। विभाग ने महसूस किया है कि इन लोगों को साप्ताहिक अवकाश दिया जाना चाहिए। इस बारे में सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद हर सोमवार को पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड ना बनाने का फैसला लिया गया है।
उन्होंने बताया है कि इस बारे में सभी सेंटर पर भी पूर्व में महिलाओं को जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सूचना बोर्ड लगाकर निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली में चल रहे सभी 70 से अधिक सेंटर पर अब तक 11 लाख के करीब कार्ड बनाए जा चुके हैं। सरकार ने इसे बंद करने के बारे में अभी कोई घोषणा नहीं की है।




