दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में लगी भीषण आग, छुट्टी की वजह से टला बड़ा हादसा; लैपटॉप और सामान जलकर खाक
पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट की दूसरी मंजिल पर रविवार तड़के आग लग गई, जिसकी सूचना सुबह 5:30 बजे मिली थी। दमकल की आठ गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पूर्वी दिल्ली। कड़कड़डूमा कोर्ट के स्कैनिंग रूम में रविवार तड़के भीषण आग लग गई। छुट्टी का दिन होने की वजह कोर्ट में सिर्फ पुलिसकर्मी ही मौजूद थे। उन्होंने मामले की सूचना दमकलकर्मियों को दी। दमकल की आठ गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्कैनिंग रूम में रखे लैपटॉप व अन्य सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही इस रूम के बराबर में कोर्ट का रिकॉर्ड रूम था जो आग लगने से बच गया।
दमकल को रविवार सुबह 5:22 पर आग लगने की सूचना मिली थी। आग कोर्ट के दूसरी मंजिल पर बने स्कैनिंग रूम में लगी थी।
शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास ने कहा कि स्कैनिंग रूम में कोर्ट के रिकॉर्ड को डिजिटल किया जाता है। रविवार को छुट्टी थी। आम दिनों में कोर्ट में बहुत भीड़ होती है। एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं है।



