सेना में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाला 20 हजार का इनामी भगोड़ा कोलकाता से गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली क्राइम ब्रांच की एनडीआर टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिल्ली कैंट क्षेत्र में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी घोषित अपराधी को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रौशन खान उर्फ एसके रौशन उर्फ बलविंदर सिंह (37) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के कोलकाता का निवासी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को सेना का व्यक्ति बताकर और गृह मंत्रालय में संपर्क होने का झांसा देकर बेरोजगार युवकों को भारतीय सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। वर्ष 2025 में बिहार निवासी एक युवक से आरोपी ने करीब 5 लाख रुपये की ठगी की थी। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर पीड़ित को मेडिकल परीक्षण और भर्ती प्रक्रिया का झांसा देकर अलग-अलग किश्तों में रकम वसूल की, लेकिन बाद में कोई नौकरी नहीं दिलाई और संपर्क भी बंद कर दिया।
मामले में दिल्ली कैंट थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान आरोपी की पहचान रौशन खान के रूप में हुई, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और अदालत द्वारा उसे भगोड़ा घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाया। सूचना मिलने पर टीम कोलकाता पहुंची, जहां आरोपी अपने ससुराल में छिपकर रह रहा था और अपनी पहचान छिपाने के लिए सिख व्यक्ति का वेश धारण कर ‘बलविंदर सिंह’ नाम से रह रहा था। पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग शहरों में ठिकाने बदलता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी इसी मामले में संलिप्तता पाई गई है।




