म्यांमार के राष्ट्रपति ने एनटीपीसी नेट्रा में देखी स्वच्छ ऊर्जा की नई तकनीकें, भारत की पहल को सराहा
म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग ने ग्रेटर नोएडा स्थित एनटीपीसी नेट्रा का दौरा किया। उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों और भारत की नवीकरणीय ऊर्जा पहलों में गहरी रुचि दिखाई, जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ेगा।

ग्रेटर नोएडा। म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग ने रविवार को एनटीपीसी की अनुसंधान एवं विकास इकाई एनटीपीसी एनर्जी टेक्नोलाजी रिसर्च अलायंस (नेट्रा) का दौरा किया। उनके साथ म्यांमार का उच्च स्तरीय मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा। एनटीपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह तथा नेट्रा के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक एवं प्रमुख शाश्वत्तम सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।
इस दौरे में राष्ट्रपति को एनटीपीसी की विकास यात्रा, म्यांमार में कंपनी की पूर्व गतिविधियों और स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों से जुड़ी पहलों की जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने नेट्रा की इन-हाउस पायलट सुविधाओं का अवलोकन किया, जिनमें 4 मेगावाट सौर माइक्रोग्रिड, 3 मेगावाट-घंटा वैनाडियम रेडाक्स फ्लो बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली, ग्रीन हाइड्रोजन हब तथा कृषि एवं नगर ठोस अपशिष्ट गैसीकरण से विद्युत संयंत्र शामिल हैं।
राष्ट्रपति ने एनटीपीसी की स्वच्छ ऊर्जा पहल में विशेष रुचि दिखाई। यह दौरा नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, ग्रीन हाइड्रोजन और अपशिष्ट से ऊर्जा तकनीकों में भारत की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का अहम अवसर रहा। साथ ही, इसने क्षमता निर्माण, प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान और टिकाऊ ऊर्जा समाधानों के क्षेत्र में दोनों देशों के सहयोग को मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त किया।




